वेलेंटाइन वीक के चलते टेडी-रोज की बढ़ी मांग:गुलाब 120 रुपए तक पहुंचा , युवाओं में हार्ट शेप गिफ्ट और कॉम्बो पैक का क्रेज

वेलेंटाइन वीक के चलते शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। खासकर युवाओं में इस दिन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। शहर के प्रमुख बाजार और गिफ्ट गैलरियां सज-धज कर तैयार हैं। हर दुकान पर लाल, गुलाबी और सफेद रंग की थीम में सजावट की गई है, जो लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। गुलाब की कीमतों में उछाल
फूल विक्रेताओं के मुताबिक वेलेंटाइन वीक शुरू होते ही गुलाब की कीमतों में दोगुना तक इजाफा हुआ है। सामान्य दिनों में 40 से 50 रुपये में बिकने वाला गुलाब अब 100 से 120 रुपये तक बिक रहा है। खासकर रेड रोज की मांग सबसे ज्यादा है। फूल विक्रेता ने बताया, “रोज डे से ही बिक्री तेज हो गई थी। अब प्रपोज डे और वैलेंटाइन डे नजदीक आते ही ऑर्डर और बढ़ गए हैं। बुके और स्पेशल पैकिंग वाले गुलाब की भी काफी डिमांड है।” चॉकलेट मार्केट में भी बढ़ोतरी चॉकलेट दुकानदारों का कहना है कि इस बार वेलेंटाइन स्पेशल चॉकलेट कलेक्शन खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हार्ट शेप बॉक्स, पर्सनलाइज्ड मैसेज वाली चॉकलेट्स और प्रीमियम गिफ्ट पैक युवाओं को खूब पसंद आ रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार पिछले सप्ताह की तुलना में बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। टेडी और गिफ्ट आइटम्स की बढ़ी मांग गिफ्ट शॉप संचालकों ने बताया कि टेडी बियर इस बार भी युवाओं की पहली पसंद बना हुआ है। छोटे से लेकर बड़े साइज तक के टेडी, टेडी-रोज कॉम्बिनेशन, लव थीम शोपीस, म्यूजिकल गिफ्ट आइटम्स और डिजाइनर ग्रीटिंग कार्ड्स की खूब बिक्री हो रही है। एक विक्रेता ने बताया, “हर साल वैलेंटाइन पर टेडी की डिमांड रहती है, लेकिन इस बार कॉम्बो गिफ्ट पैक ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं।” कई दुकानदारों ने बताया कि युवाओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन ऑर्डर और होम डिलीवरी की व्यवस्था भी की गई है। सोशल मीडिया के जरिए भी ऑर्डर मिल रहे हैं। विक्रेताओं का मानना है कि जैसे-जैसे 14 फरवरी नजदीक आएगी, वैसे-वैसे बाजार में भीड़ और बढ़ेगी। उन्हें उम्मीद है कि इस बार वैलेंटाइन डे पर पिछले साल की तुलना में बेहतर कारोबार होगा।