वेस्ट यूपी अध्यक्ष और पंकज चौधरी के बीच तनातनी?:मुरादाबाद में दोनों नेता मिले तक नहीं; प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत तक पार्टी ने नहीं किया

पंकज चौधरी के भाजपा का नया ‘चौधरी’ (प्रदेश अध्यक्ष) बनने के बाद से पश्चिम में घमासान मचा हुआ है। ब्राह्मण विधायकों की मीटिंग पर कड़ा रुख अपनाकर विवादों में घिरे पंकज, अब वेस्ट यूपी अध्यक्ष से रिश्तों में तल्खी को लेकर सुर्खियों में हैं। पार्टी सोर्स बताते हैं कि पंकज चौधरी और वेस्ट यूपी भाजपा के अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। इन खबरों को हवा तब मिली, जब 3 दिसंबर को दोनों नेता एक ही टाइम पर मुरादाबाद पहुंचे। लेकिन मुलाकात तक नहीं की। हद तो यह कि भाजपा की लोकल यूनिट के पदाधिकारी, अपने प्रदेश अध्यक्ष का शहर से गुजरते समय स्वागत तक नहीं किया। दरअसल, 3 जनवरी को जिस वक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी जिम कार्बेट से दिल्ली लौटते समय मुरादाबाद से गुजर रहे थे, ठीक उसी समय क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया भी हाईवे पर जीरो प्वाइंट पर मौजूद थे। मुरादाबाद भाजपा के जिलाध्यक्ष आकाश पाल और महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, सिसोदिया का स्वागत करने जीरो प्वाइंट पहुंचे थे। लेकिन ठीक इसी जगह से चंद मिनट बाद गुजरे प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से स्थानीय संगठन ने पूरी तरह दूरी बनाए रखी। अब पढ़िए कहां से बिगड़नी शुरू हुई पंकज और सिसोदिया के बीच की केमिस्ट्री वजह नंबर-01
सिसोदिया पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के खास, संगठन मंत्री खफा पश्चिमी उत्तर प्रदेश (वेस्ट यूपी) के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के खास माने जाते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, भूपेंद्र के वीटो करने पर भी मोहित बेनीवाल की जगह सिसोदिया को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। हालांकि, सिसोदिया प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह की गुडबुक में नहीं हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि धर्मपाल सिंह की नाराजगी की वजह से ही सिसोदिया के समधी हापुड़ के जिलाध्यक्ष नरेश तोमर को हटा दिया गया था। नरेश तोमर को ऐसे समय में हटाया गया, जब 2 दिन बाद नरेश तोमर की बेटी और सत्येंद्र सिसोदिया के बेटे की शादी होनी थी। वेस्ट यूपी में भूपेंद्र चौधरी लंबे समय तक अध्यक्ष रहे हैं। यहां उनकी गहरी पैठ है। प्रदेश अध्यक्ष चाहे जो भी बने, लेकिन पश्चिम के फैसले भूपेंद्र की रायशुमारी के बगैर नहीं होते। मुमकिन है कि नए प्रदेश अध्यक्ष निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष के इस वर्चस्व से असहज हों और सीधे अपनी दखल वेस्ट में बढ़ाने की मंशा रखते हों। वजह नंबर-2 लखनऊ में पंकज की वेलकम पार्टी पर सिसोदिया ने जताया था एतराज
43 ठाकुर विधायकों को जुटाकर कुटुम्ब-परिवार का आयोजन करने वाले मुरादाबाद की कुंदरकी सीट के विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उनके स्वागत में लखनऊ में एक पार्टी की थी। 23 दिसंबर को पांच सितारा होटल क्लार्क अवध में आयोजित इस पार्टी में रामवीर ने वेस्ट यूपी के 20 से ज्यादा विधायकों और सांसदों को बुलाया था। ये पार्टी नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत एवं अभिनंदन के लिए आयोजित की गई थी। पार्टी के बैकड्रॉप में लिखा था- ‘भाजपा पश्चिम क्षेत्र (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) द्वारा नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का स्वागत एवं अभिनंदन समारोह।’ लखनऊ के फाइव स्टार होटल में वेस्ट यूपी के MP-MLA जुटाकर ठाकुर रामवीर सिंह द्वारा किए गए प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत समारोह पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया ने एतराज जताया था। सिसोदिया ने कहा था कि पश्चिम क्षेत्र के नाम पर आयोजित इस समारोह की न तो उन्हें जानकारी थी और न ही उन्हें इसका निमंत्रण मिला था। वो भी तब जबकि वो पश्चिम के अध्यक्ष हैं। सिसोदिया ने कहा था कि चूंकि प्रोग्राम का आयोजन संगठन की ओर से नहीं किया गया था और न ही संगठन को इसमें बुलाया गया था, इसलिए कार्यक्रम में लगाया गया पश्चिम का बैकड्रॉप गलत था। आयोजकों को पश्चिम क्षेत्र का नाम यूज नहीं करना चाहिए था। 3 दिसंबर को पंकज और सिसोदिया मुरादाबाद आए, लेकिन आपस में नहीं मिले 4 दिन तक जिम कार्बेट में ठहरने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी 3 जनवरी की शाम को दिल्ली लौटे। उन्हें मुरादाबाद से होकर ही गुजरना था। शाम करीब 5 बजे प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मुरादाबाद से होकर गुजरे। ठीक इसी समय क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया भी मुरादाबाद पहुंचे। सिसोदिया मुरादाबाद में एक भाजपा कार्यकर्ता के पिता की तेरहवीं संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे। सिसोदिया का वेलकम करने के लिए भाजपा के जिलाध्यक्ष आकाश पाल और महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला कार्यकर्ताओं के साथ पहले से ही हाईवे पर जीरो प्वाइंट पर खड़े थे। संगठन पदाधिकारियों ने यहां सिसोदिया को फूल- मालाएं पहनाकर स्वागत अभिनंदन किया। लेकिन चंद मिनट बाद ही यहां से प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी गुजरे। उनसे मिलने या उनका स्वागत करने के लिए क्षेत्रीय अध्यक्ष सिसोदिया यहां नहीं रुके। न ही लोकल यूनिट मौजूद रही। रामवीर ने पंकज का स्वागत किया, सूचना के बाद भी संगठन नदारद
3 दिसंबर को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के मुरादाबाद से गुजरने के प्रोग्राम की सूचना प्रशासन की ओर से मेयर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, एमएलसी व प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह सैनी, एमएलसी गोपाल अंजान, शहर विधायक रितेश गुप्ता, कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन विजयभान सिंह और जिलाध्यक्ष आकाश कुमार पाल व महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला को दी गई थी। मुरादाबाद में पंकज चौधरी पहुंचे तो कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ रामपुर साइड जीरो प्वाइंट पर पंकज का जोरदार स्वागत किया। हालांकि, रामवीर सिंह ने कंबल और सिलाई मशीन वितरण समारोह भी रखा था। लेकिन ऐन वक्त पर पंकज चौधरी ने इस आयोजन में शामिल होने से इंकार कर दिया। लेकिन हैरानी की बात है कि प्रदेश अध्यक्ष के शहर से गुजरने की सूचना होने के बाद भी स्थानीय संगठन के पदाधिकारी उनके स्वागत के लिए नहीं पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष को नजरअंदाज करके जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष ठीक उसी समय हाईवे पर जीरो प्वाइंट पर क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत कर रहे थे। माना जा रहा है कि ठाकुर रामवीर सिंह से पंकज चौधरी की नजदीकियों की वजह से दूसरा गुट उनसे दूरी बना रहा है। महानगर अध्यक्ष बोले- संगठन के काम से नहीं आए थे प्रदेश अध्यक्ष मुरादाबाद भाजपा के महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने दैनिक भास्कर से कहा, हम प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करने की तैयारी में थे। हमने इसके लिए तैयारी भी शुरू कर दी थी। लेकिन बाद में हमें पता चला कि प्रदेश अध्यक्ष अपने परिवार के साथ आ रहे हैं। इसलिए हमने उनका स्वागत प्रोग्राम टाल दिया। गिरीश ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष संगठन के कार्य से नहीं आए थे इसलिए भी प्रदेश से इस बारे में हमें कोई औपचारिक सूचना नहीं दी गई थी। ……………….. ये खबर भी पढ़िए- कानपुर में पुलिसवाले ने लड़की से गैंगरेप किया: दोस्त के साथ मिलकर स्कॉर्पियो में खींचा, रात 12 बजे घर के बाहर फेंककर भागे कानपुर में स्कॉर्पियो सवार पुलिसकर्मी ने दोस्त के साथ मिलकर 14 साल की छात्रा को किडनैप कर गैंगरेप किया। दोनों करीब 2 घंटे तक कार के अंदर छात्रा से हैवानियत करते रहे। जब वह बेहोश हो गई, तो उसे उसके घर के सामने फेंक कर भाग गए। पढ़ें पूरी खबर…