शादाब जकाती बोले- दोषी निकला तो अपना गला काट लूंगा:मेरठ में महिला बोली- यूट्यूबर ने एक साल तक बंधक बनाकर रखा, FIR

10 वाला बिस्कुट कितने का…रील से मशहूर मेरठ के इन्फ्लुएंसर शादाब जकाती पर झारखंड की महिला ने FIR दर्ज कराई है। महिला ने कहा- शादाब ने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी। एक साल तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान घर के सारे काम कराए। विरोध पर जान से मारने की धमकी देता था। इससे तंग आकर सुसाइड करने का मन बना चुकी थी, लेकिन मेरे पति ने मेरा दर्द समझा और मुझे शादाब जकाती के खिलाफ लड़ने के लिए खड़ा किया। महिला चांदनी उर्फ तबस्सुम का कहना है कि 2 दिन पहले वह इंचौली थाने में शिकायत दर्ज कराने गई थी। लेकिन दरोगा ने उसे भगा दिया था। महिला शुक्रवार सुबह एसएसपी ऑफिस पहुंची, तब शिकायत दर्ज हुई। मामला दर्ज होने के बाद शादाब जकाती ने X पर वीडियो पोस्ट कर सफाई दी। कहा- मैंने तो इस महिला के बच्चे की फीस दी, किताबें दिलाईं। अगर मेरा जरा सी भी गलती निकल आए, तो मैं अपनी गर्दन खुद काट लूंगा। उधर, मामला सामने आने के बाद चांदनी के मकान मालिक ने उसे मकान खाली करने को कहा है। पहले महिला के बारे में जानिए
मूलरूप से झारखंड की रहने वाली चांदनी उर्फ तबस्सुम 2017 से मेरठ में रह रही है। महिला ने मुजफ्फरनगर निवासी युवक सोनू प्रजापति से लव मैरिज की थी, जिस कारण उसे गांव छोड़ना पड़ा। यहां आकर वह इंचौली में रहने लगी और यूट्यूब पर रील बनाने लगी। उसका पति बैट्री का काम करता है, जो अक्सर बाहर ही रहता है। परिवार में उसका एक बेटा भी है। अब जानिए जकाती के साथ कैसे जुड़ी
चांदनी उर्फ तबस्सुम ने बताया- फरवरी 2025 में उसकी मुलाकात इंचौली निवासी शादाब जकाती से हुई। सोशल मीडिया के जरिए वह उससे मिली थी। उसकी रील देखने के बाद शादाब ने उसे अपने साथ काम करने के लिए राजी कर लिया। वह अपनी रील में उसे रखता। काफी रील उसकी ऐसी हैं, जिसमें वह शादाब जकाती के साथ है।
बंधक बनाकर रखने का आरोप
चांदनी ने कहा- शुरुआत में मुझे लगा कि वास्तव में शादाब जकाती मेरी मदद करना चाहता है। इसलिए अपने घर पर भी काम दिया है। लेकिन धीरे-धीरे मैं उसकी हरकतों को समझने लगी। शादाब ने मुझे एक साल से बंधक बनाकर रखा। घर के सारे काम कराने लगा। एक दिन विरोध करने पर उसने मुझे और मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। कहा कि पुलिस उसका कुछ नहीं कर सकती है। मैं बहुत डर गई। इसका फायदा उठाकर शादाब और उसका परिवार शोषण करने लगा। चांदनी ने बताया कि मैं पिछले एक साल से उत्पीड़न झेलती आ रही थी। 15 जनवरी को सारी हदें पार हो गईं। शादाब जकाती की पत्नी साजिया ने मेरे साथ मारपीट और गाली-गलौज शुरु कर दी। यहां तक कि मुझे बदनाम करने की धमकी भी दी। विरोध करने पर मुझे बुरी तरह पीटा गया, जिसके निशान मेरे शरीर पर हैं। मैं तो मरने का मन बना चुकी थी, लेकिन मेरे पति को एहसास हो गया। पति को सबकुछ बताया और फिर हम लोग इंचोली से निकल आए। अश्लील कंटेंट बनाने का आरोप
चांदनी उर्फ तबस्सुम ने बताया कि शादाब ने मेरे जैसी काफी महिलाओं को अपने जाल में फंसाया और तरह-तरह से उनका शोषण किया। कोई उसके विरोध का साहस नहीं जुटा पा रही थी, लेकिन वह अपनी लड़ाई खुद लड़ेगी। वीडियो बनाने के नाम पर शादाब जकाती केवल अश्लील कंटेंट तैयार करने वाला छपरी है। इरम के साथ भी यही सब हुआ है। लेकिन उसको पैसे देकर शादाब जकाती शांत कराता रहा है। मोटिवेशनल वीडियो के नाम पर शोषण
चांदनी का आरोप है कि शादाब जकाती मोटिवेशनल वीडियो के नाम पर केवल शोषण करता है। उसकी वीडियो को देखा जाए तो हकीकत सबके सामने आ जाएगी। अपनी पत्नी होते हुए वह दूसरी महिलाओं को वीडियो में शामिल करता है और मौका पाकर उनका शोषण करता है। वह डरती थी कि विरोध करेगी तो शादाब परिवार को मरवा देगा। लेकिन अब उसका पति साथ है। वह शादाब जकाती को सजा दिलाकर ही रहेगी। इस मामले में महिला की तरफ से इंचोली थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन मौके पर मौजूद दरोगा ने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कहकर उसे भगा दिया था। परिवार के साथ SSP ऑफिस पहुंची चांदनी
शुक्रवार सुबह चांदनी ने एसएसपी से मुलाकात की। उन्हें अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद एसएसपी ने इंचोली पुलिस को फटकार लगाई। वहीं से पीड़िता को थाने भेजा गया। इसके कुछ देर बाद ही FIR दर्ज कर ली गई। चांदनी के साथ उसका पति और बेटा भी था। उसने बताया कि शादाब जकाती के खिलाफ खड़े होने के बाद उसे तरह-तरह की धमकियां मिल रही हैं। जिस मकान में वह किराए पर रहती है, उसके मालिक ने भी उसे मकान खाली करने को बोला है। उसे डर है कि शादाब जकाती उसे या उसके परिवार को कोई नुकसान न पहुंचा दे।
चांदनी बोली- धमका रही थी इंचोली पुलिस
चांदनी ने बताया कि शादाब ने जो धमकी दी थी, अब वह सच लग रही है। वह कहीं भी चली जाए, उसकी सुनवाई नहीं होगी। थाना पुलिस उसकी जेब में है। जब वे शिकायत लेकर थाने पहुंची तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी कार्रवाई करने के बजाय उसे ही धमकाने लगे। उन्होंने शादाब जकाती को ही शरीफ बता दिया। चांदनी की शादाब के साथ ढेरों रील
चांदनी ने अपने मोबाइल में शादाब जकाती के साथ बनाई कई रील भी अफसरों को दिखाई। इनमें वह शादाब जकाती की पत्नी बनी थी। इसके अलावा उसने अपनी प्राइवेट रील्स भी दिखाईं, जो वह लंबे समय से खुद बनाती आ रही थी। उसने ये सारी रील्स पुलिस को उपलब्ध कराई हैं। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया- महिला की तहरीर पर शादाब जकाती पर धारा 115(2), 74, 64 (रेप), 352, 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। जकाती पर 5 धाराएं, इतनी हो सकती है सजा
कौन हैं शादाब जकाती?
शादाब जकाती, मेरठ के इंचोली थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। वे क्रिकेट के शौकीन हैं। पहले सऊदी अरब में ड्राइवर के रूप में काम कर चुके हैं। वहीं से वीडियो बनाने की शुरुआत की थी। अब वे सोशल मीडिया पर बड़ी पहचान बन चुके हैं। ’10 वाला बिस्कुट का पैकेट कितने का है जी…’ रील से शादाब सुर्खियों में आए थे। इस वीडियो को अब तक करोड़ों लोग देख चुके हैं। रैप सिंगर बादशाह, क्रिकेटर रिंकू सिंह और कुलदीप यादव समेत कई सेलिब्रिटीज इस वीडियो को कॉपी कर चुके हैं।
अब वह वीडियो, जिसके लिए शादाब गिरफ्तार हुए थे… शादाब जकाती का जो वीडियो विवादों में था, उसमें वह एक बच्ची और दो महिलाओं के साथ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में शादाब, एक परचून की दुकान पर बैठे हैं। सामान लेने एक बच्ची आती है। जब जकाती पैसे मांगते हैं तो बच्ची कहती है कि पैसे मम्मी आकर देगी। वह बच्ची से अभद्र कमेंट करते हैं। फिर वह उससे उसकी मां की सुंदरता पर कमेंट करते हैं। वीडियो में वह कहते दिख रहे कि जब ये इतनी खूबसूरत है तो इसकी मम्मी कितनी खूबसूरत होगी। इसके बाद वह उस बच्ची के घर पहुंचते हैं। आवाज देने पर घर का दरवाजा एक महिला खोलती है। महिला से कहते हैं- तुम्हारी बच्ची सामान लेकर आई थी। अब तुम पैसे क्या दोगी? एक KISS ही दे दो। इस बीच एक अन्य महिला के साथ बच्ची बाहर आती है। जकाती से कहती है- अंकल ये मेरी मम्मी हैं, जो मेरे साथ हैं। इसके बाद जकाती पैसे मांगने लगते हैं।
——————— ये खबर भी पढ़ें – ‘शादाब जकाती संग रहती है पत्नी, मुझे जान का खतरा’:मेरठ में थाने पहुंचा पति, इंस्पेक्टर के सामने फूट-फूटकर रोया यूपी में मेरठ के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शादाब जकाती एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार शादाब साथ काम करने वाली महिला कलाकार इरम की वजह से मुश्किलों में हैं। इरम के पति खुर्शीद उर्फ सोनू ने शादाब जकाती पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोनू गुरुवार को इंचौली थाने पहुंचे और छाती पीट-पीटकर रोने लगे। पुलिस के सामने शादाब और इरम को लेकर बड़े-बड़े दावे किए। पढ़िए पूरी खबर…