बागपत के ललियाना गांव में एक युवक के साथ शादी के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक की शादी एक ऐसी लड़की से कराई गई, जिसे हिंदू बताया गया था, जबकि वह मुस्लिम समुदाय की निकली। शादी के तीन दिन बाद ही दुल्हन नकदी और जेवर लेकर फरार हो गई। पीड़ित युवक सन्नी पुत्र यशवीर ने बताया कि गांव के ही एक बिचौलिए राजू ने 2 लाख रुपए लेकर दिल्ली के मजनू टीला से उसकी शादी कराई थी। बिचौलिए ने लड़की का नाम किरण बताया था। सन्नी के अनुसार, 21 अक्टूबर को हुई शादी के बाद दुल्हन केवल तीन दिन ही घर पर रही। इसके बाद वह घर से 50 हजार रुपए नकद और कीमती जेवर लेकर फरार हो गई। जब सन्नी ने दिल्ली जाकर जानकारी जुटाई, तो उसे पता चला कि लड़की का असली नाम इनाया है और वह मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखती है। घटना के बाद सन्नी अब अपनी फरार पत्नी की तलाश कर रहा है और पुलिस से न्याय की मांग कर रहा है। उसका कहना है कि उसे यह भी आशंका है कि दुल्हन या उसके साथियों द्वारा उस पर कोई झूठा मुकदमा दर्ज न करा दिया जाए। यह मामला थाना चांदीनगर क्षेत्र का है। थाना प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है, मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।