शाहजहांपुर में रेस्टोरेंट में दबंगों ने की फायरिंग, VIDEO:शराब पीने से रोकने पर की मारपीट, मालिक और ग्राहकों ने छिपकर बचाई जान

शाहजहांपुर में एक रेस्टोरेंट पर दबंगों ने फायरिंग कर दी। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फायरिंग के बाद रेस्टोरेंट मालिक और ग्राहकों ने अंदर छिपकर अपनी जान बचाई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। यह घटना थाना रोजा क्षेत्र के लोधीपुर मोहल्ले की है। शुभम गुप्ता नामक व्यक्ति यहां अपना रेस्टोरेंट चलाते हैं। जानकारी के अनुसार, देर शाम कुछ दबंग उनके रेस्टोरेंट पर पहुंचे। दबंगों ने रेस्टोरेंट में शराब पीने की जिद की, जिसका मालिक शुभम गुप्ता ने विरोध किया। इससे दबंग भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने शुभम गुप्ता के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक दबंग ने अपनी कमर से तमंचा निकालकर हवा में फायर कर दिया। इसके बाद उसने दोबारा तमंचा तान दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर रेस्टोरेंट मालिक और वहां मौजूद ग्राहक डरकर अंदर दुबक गए। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित शुभम गुप्ता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। इसके बाद पीड़ित ने थाने में जाकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि लोधीपुर स्थित रेस्टोरेंट पर फायरिंग की घटना हुई है। पुलिस को तहरीर मिल गई है और इस मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है।