शिक्षक पर नाबालिग छात्रा से अभद्रता का आरोप:रामपुर में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जेल भेजा

उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक शिक्षक पर नाबालिग छात्रा से अभद्रता का आरोप लगा है। छात्रा के पिता की शिकायत पर सिविल लाइंस पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने शुक्रवार रात 9:30 बजे कैंप कार्यालय में मीडिया को बताया कि एक नाबालिग लड़की ट्यूशन पढ़ने के लिए शिक्षक के घर जाती थी। लड़की के पिता ने आरोप लगाया है कि शिक्षक ने उनकी बेटी के साथ अभद्रता की। इसी आरोप के आधार पर सिविल लाइंस थाना इंस्पेक्टर संजीव कुमार को तहरीर दी गई थी। सिविल लाइंस पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। थाना सिविल लाइंस इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी का नाम अभिषेक है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। दूसरी ओर, आरोपी अभिषेक ने आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि उस पर गलत आरोप लगाए गए हैं और उसके पास अन्य बच्चे भी ट्यूशन पढ़ने आते हैं, जिनके साथ ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। सिविल लाइंस पुलिस ने दर्ज मुकदमे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस तफ्तीश के बाद ही घटना की सच्चाई सामने आएगी।