शिक्षिका ने कॉलेज प्रबंधन पर लगाए उत्पीड़न के आरोप:बागपत में परिवार संग की इच्छा मृत्यु की मांग, संगठनों का मिला समर्थन

बागपत के खेला गांव स्थित हजारी लाल मेमोरियल इंटर कॉलेज की शिक्षिका निधि शर्मा ने कॉलेज प्रबंधन पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने न्याय न मिलने का आरोप लगाते हुए अपने परिवार के साथ इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगे जाने का ऐलान किया है। इस संबंध में वह राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगी। शिक्षिका निधि शर्मा का कहना है कि वह लंबे समय से कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ शिकायत कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका आरोप है कि उत्पीड़न के बावजूद संबंधित विभागों और प्रशासन स्तर पर उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। इसी के विरोध में निधि शर्मा ने 12 जनवरी को बागपत के वंदना चौक से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च करने की घोषणा की है। मार्च के बाद वह जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगी, जिसमें परिवार सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति की मांग की जाएगी। शिक्षिका का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मामले में शिक्षिका के समर्थन में कई सामाजिक और राजनीतिक संगठन भी सामने आए हैं। राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के बागपत जिलाध्यक्ष आशीष वशिष्ठ ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पीड़ित शिक्षिका के समर्थन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से कलेक्ट्रेट पहुंचकर समर्थन देने की अपील की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिक्षिका के आरोपों और ज्ञापन के बाद प्रशासन द्वारा क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।