बागपत के खेकड़ा तहसील क्षेत्र में स्थित हजारी लाल मेमोरियल इंटर कॉलेज की एक शिक्षिका ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिक्षिका का कहना है कि उनके साथ हुए कथित आपराधिक कृत्य की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने अभी तक प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की है। न्याय न मिलने के विरोध में शिक्षिका ने 12 जनवरी को राष्ट्रीय वंदना चौक से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च करते हुए इच्छा मृत्यु की मांग को लेकर धरना देने की अनुमति मांगी है। इस संबंध में शिक्षिका ने जिलाधिकारी बागपत, जिला विद्यालय निरीक्षक बागपत और पुलिस अधीक्षक बागपत को ई-मेल तथा डाक के माध्यम से एक ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कथित आपराधिक कृत्य की शिकायत संबंधित थाने में कई बार की गई, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और अब तक FIR दर्ज नहीं की। शिक्षिका ने मानसिक परेशानी का भी जिक्र किया है। ज्ञापन में शिक्षिका ने सवाल उठाया है कि जब एक शिक्षिका के साथ हुए अपराध पर सुनवाई नहीं हो रही, तो आम जनता को न्याय कैसे मिलेगा। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, तत्काल FIR दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिक्षिका ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें समय रहते न्याय नहीं मिला, तो वह 12 जनवरी को राष्ट्रीय वंदना चौक से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च कर इच्छा मृत्यु की मांग के साथ धरना देंगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनका यह कदम प्रशासन का ध्यान अपनी पीड़ा की ओर आकर्षित करने और न्याय प्राप्त करने के लिए है।