शिवकुमार वर्मा पर हमले के विरोध में प्रदर्शन:पटेल समाज के अधिवक्ताओं ने तारुन थाने का घेराव किया

पटेल समाज के अधिवक्ताओं ने रविवार को तारुन थाने का घेराव किया। वे तारुन थाना क्षेत्र के सुखदेव तिवारी का पूरा सोनौरा गाऊपुर निवासी शिवकुमार वर्मा पर हुए हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की। शिवकुमार वर्मा पर 8 दिसंबर को हमला हुआ था। वे डेयरी पर दूध देने जा रहे थे, तभी बाइक सवार अज्ञात लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोका। भवानीगढ़ जंगल के पास लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उन पर हमला कर घायल कर दिया गया। हमले के दौरान शिवकुमार के बेटे आयुष उर्फ शनि ने स्कूल जाते समय अपने पिता पर हमला होते देख मदद के लिए गुहार लगाई। बच्चे की पुकार सुनकर दौड़े लोगों ने शिवकुमार वर्मा की जान बचाई। इस मामले में घायल की पत्नी संगीता वर्मा ने तारुन थाने में नागेंद्र तिवारी और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। संगीता वर्मा का आरोप है कि 7 दिसंबर को आरोपी ने घर आकर धमकी दी थी और अगले दिन सुबह 7:30 बजे यह घटना हुई। उनका कहना है कि पुलिस अब तक नामजद आरोपी सहित अन्य हमलावरों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस की इस कार्यशैली से नाराज होकर पटेल समाज के अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। थाने के घेराव के दौरान घटना के विवेचक हैदरगंज थानाध्यक्ष विवेक राय ने मामले के खुलासे के लिए चार घंटे की मोहलत मांगी, जिसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ। प्रदर्शन में हाईकोर्ट के अधिवक्ता कुमर अभिजय पटेल, शनि पटेल, विकास पटेल, देवेश कुमार, प्रमोद कुमार, चंद्र प्रकाश वर्मा, गौरव सिंह पटेल और वीरेंद्र पटेल सहित कई लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर कोतवाली बीकापुर, थाना हैदरगंज और तारुन पुलिस बल तैनात रहा। इस प्रदर्शन से दो दिन पहले शनिवार को सरदार सेना ने भी पीड़ित के घर पहुंचकर नाराजगी व्यक्त की थी।