शिवगढ़ थाने में तैनात मुख्य आरक्षी की तबीयत बिगड़ी, मौत:ड्यूटी के दौरान मेस में साथी पुलिसकर्मियों के साथ बैठे थे

रायबरेली के शिवगढ़ थाना परिसर में तैनात मुख्य आरक्षी मुन्नीलाल (53) की रविवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई। साथी पुलिसकर्मी उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 5:30 बजे मुन्नीलाल थाना मेस में साथी पुलिसकर्मियों के साथ बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें थाने की सरकारी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ पहुंचाया। सीएचसी में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव कुमार शुक्ला ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, साथी पुलिसकर्मियों ने ईसीजी और हृदय की स्थिति की पुष्टि के लिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कराया और निजी वाहन से वहां ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। डॉ. संजीव कुमार शुक्ला के अनुसार, अस्पताल लाने से पहले ही मुख्य आरक्षी की मृत्यु हो चुकी थी। शिवगढ़ थाना प्रभारी विन्ध्य विनय ने बताया कि मुन्नीलाल पिछले करीब छह माह से शिवगढ़ थाने में तैनात थे। घटना की सूचना उनके परिजनों और पुलिस के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। मृतक मुख्य आरक्षी मुन्नीलाल पुत्र मंगली प्रसाद, जनपद सीतापुर के मछरेहटा क्षेत्र के निवासी थे।