श्रावस्ती में इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) द्वारा संयुक्त गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।वहीं बॉर्डर क्षेत्र में डाग स्क्वायट की टीम भी पूरी तरीके से अलर्ट है। सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में पुलिस और SSB की संयुक्त टीमें नियमित रूप से पैदल गश्त कर रही हैं। इस दौरान सीमा क्षेत्र में आने-जाने वाले व्यक्तियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसका उद्देश्य किसी भी अवैध, राष्ट्रविरोधी या संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोकना है। संयुक्त टीमें संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरत रही हैं। इसी कड़ी में थाना सिरसिया पुलिस और SSB की डॉग स्क्वायड टीम ने इंडो-नेपाल सीमा से सटे ग्राम सुइया में संयुक्त पैदल गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के तहत सीमावर्ती इलाकों की बारीकी से जांच की गई। टीमों ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें सीमा सुरक्षा में सहयोग करने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने और अफवाहों से दूर रहने के लिए जागरूक भी किया। जनपद के अन्य सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में भी पुलिस और SSB द्वारा नियमित रूप से गश्त, चेकिंग और निगरानी अभियान जारी है। इन प्रयासों से सीमा पर अवैध आवागमन, तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है। श्रावस्ती पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो वे तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर सूचना दें। इससे समय रहते कार्रवाई कर सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।