संत कबीर नगर में करंट लगने स महिला की मौत:खेत में बिजली मोटर से पानी चलाते समय हुआ हादसा

संत कबीर नगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र में सोमवार शाम खेत में पानी चलाते समय करेंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान मोहल्ला एकला शुक्ल वार्ड बाराखाल निवासी रेनू देवी (लगभग 35 वर्ष) पत्नी गोविंद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रेनू देवी अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में बिजली मोटर से पानी चला रही थीं। इसी दौरान वह मोटर में लगे विद्युत तार की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। आस-पास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए सीएचसी मेंहदावल पहुंचाया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने रेनू देवी को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस सीएचसी मेंहदावल पहुंची। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों को शांत किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका रेनू देवी के पांच लड़कियां और दो लड़के हैं, जो सभी अविवाहित हैं। उनके पति गोविंद घर पर रहकर मजदूरी करते हैं।