संभल में आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर स्थित नरोरा बैराज के प्राचीन काली मंदिर में उर्दू आयतों वाली धार्मिक तस्वीरें मिलने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। वीडियो में मंदिर के अंदर दूसरे धर्म से संबंधित उर्दू आयतों वाली तस्वीरें लगी दिखाई दे रही थीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित तस्वीरों को हटाकर अपने कब्जे में ले लिया। मामला थाना गुन्नौर क्षेत्र का है। साधुओं ने लगाया आरोप नागा साधु काली गिरी और अमर भारती, जो पास के गुमटी मंदिर में रहते हैं, ने बताया कि योगी चुन्नीनाथ को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उनके अनुसार गांव वालों के कहने पर चुन्नीनाथ इस मंदिर में रह रहा था और तस्वीरें उसी ने लगाई थीं। इस संबंध में नरोरा बैराज पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई है। मंदिर का कथित पुजारी चुन्नीनाथ वर्तमान में कारागार में बंद है। हाल ही में अदालत से वारंट जारी होने के बाद उसे चंदौसी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि मंदिर में ये तस्वीरें किसने और किन परिस्थितियों में लगाईं। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। थाना प्रभारी राजीव मलिक ने दोहराया कि पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव मलिक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तस्वीरों को सुरक्षित रख लिया गया है।