संभल पुलिस को बागपत में विरोध का सामना करना पड़ा:नकली सामान बरामदगी के दौरान हंगामा, खाली हाथ लौटना पड़ा

नकली सामान बरामदगी के लिए बागपत पहुंची संभल पुलिस को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। हंगामे के चलते पुलिस को बिना कार्रवाई के लौटना पड़ा। घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय लोगों को हंगामा करते देखा जा सकता है। एक सीसीटीवी फुटेज में पुलिसकर्मी दौड़ते हुए भी दिखाई दिए। यह पूरा मामला बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र का है। संभल पुलिस ने एक व्यक्ति की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची थी। शिकायतकर्ता ने दो व्यक्तियों से एक नामचीन कंपनी का मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीदे थे। इसके लिए उसने लगभग 80 हजार रुपए नकद और 15 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। बाद में खरीदार को पता चला कि ब्लूटूथ और मोबाइल नकली हैं। उसने सामान बेचने वालों से संपर्क किया, जिन्होंने तीन महीने में सामान वापस करने का भरोसा दिया। हालांकि, इसके बाद मोबाइल खरीदने वाले युवक को लगातार धमकियां मिलने लगीं। पीड़ित ने संभल पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया। इन्हीं युवकों की निशानदेही पर संभल पुलिस नकली सामान बरामद करने बागपत पहुंची थी। लेकिन जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, वहां भारी हंगामा शुरू हो गया। हंगामे के कारण संभल पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा। हालांकि, बागपत शहर कोतवाली पुलिस ने स्थिति को शांत किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया है।