संभल में जमीन विवाद में मारपीट, एक की मौत:17 नामजद, 14 अज्ञात पर FIR, 14 आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए

संभल के साधुमणि गंगा घाट के खादर क्षेत्र में जमीन जोतने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई। मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक ने शुक्रवार शाम दम तोड़ा। इस मामले में पुलिस ने 17 नामजद और 14 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना संभल जिले की गुन्नौर तहसील के जुनावई थाना क्षेत्र में साधुमणि गंगा घाट से आगे खादर में हुई। मृतक की पहचान 19 वर्षीय दानवीर पुत्र चरण सिंह, निवासी गांव खिरकबारी टप्पा वैश्य के रूप में हुई है। दानवीर का अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां शुक्रवार शाम 7:30 बजे उसकी मौत हो गई। दानवीर की शादी एक साल पहले हुई थी। 7 नवंबर को गांव खिरकबारी टप्पा वैश्य और संत नगर के ग्रामीणों के बीच जमीन जोतने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान गांव संतनगर निवासी अंतराम पुत्र साहब सिंह और गांव खिरकबारी टप्पा वैश्य निवासी दानवीर पुत्र चरण सिंह के बीच मारपीट हुई थी। क्राइम इंस्पेक्टर बलराम सिंह ने दानवीर की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों ने मौत की सूचना दी है। दानवीर को अलीगढ़ से एम्स दिल्ली रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम जनपद में ही थाना पुलिस द्वारा कराया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में रूपकिशोर, सोपाली, हीरा, तोताराम, राजेश (पुत्र अंतराम) निवासी संतनगर; बबलू, भुवनेश, अंकित, अंतराम (पुत्र साहब सिंह), दीपक (पुत्र अनार सिंह), राजीव (पुत्र अनेक सिंह), संकित (पुत्र ऋषिपाल) निवासी खिरकबारी टप्पा वैश्य; और भगवान दास, रामदास (पुत्र विजेंद्र सिंह) निवासी रामनगर टप्पा वैश्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना पुलिस ने दरोगा संदीप कुमार की शिकायत पर एक पक्ष के अंतराम पुत्र साहब सिंह, हीरा, तोताराम, राजेश, रुपकिशोर, सौपाली पुत्र अंतराम, भगवानदास व रामदास पुत्र बिजेंद्र निवासी रामनगर टप्पा वैश्य और दूसरे पक्ष के दानवीर पुत्र चरण सिंह, दीपक, भुवनेश, राजीव व बब्लू पुत्र अनार सिंह, अंकित पुत्र शिशुपाल, अनेक सिंह, अनार सिंह पुत्र ज्ञान सिंह, संकित पुत्र ऋषिपाल और 14 अज्ञात पर दरोगा संदीप कुमार की शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।