संभल में थाने की बैरक में मिली सिपाही की लाश:कान में ईयरबड, गले में रस्सी, घुटने मुडे़ थे; भाई बोला- ये आत्महत्या नहीं

संभल में थाने की बैरक में 24 साल के सिपाही की लाश मिली है। सिपाही के कान में ईयरबड लगे थे। गले में रस्सी थी, जो खिड़की से बंधी थी। घुटने मुड़े हुए थे। लाश जमीन पर बैठे हुई अवस्था में थी। पास में मोबाइल और चार्जर पड़ा था। मामला गुन्नौर कोतवाली का है। सिपाही का नाम आशीष वर्मा है। वह शाहजहांपुर का रहने वाला था। 2023 में यूपी पुलिस में भर्ती हुई थी। आशीष, संभल हिंसा के दौरान घायल भी हुए थे। आशीष के रिश्तेदार क्रांति कुमार ने कहा- मेरा भाई आत्महत्या नहीं कर सकता। वहीं, पुलिस का कहना है कि सिपाही ने आत्महत्या की है। क्यों की? ये क्लियर नहीं है। इसकी जांच की जा रही है। शुक्रवार रात करीब 9 बजे साथियों ने बैरक में सिपाही आशीष की लाश देखी। लाश जमीन पर बैठी अवस्था में थी। बैरक में सिपाही की लाश देखकर थाने में अफरातफरी मच गई। तुरंत सीनियर अफसर को सूचना दी गई। बैरक को सील कर दिया गया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने के लिए बैरक की तलाशी ली। दो बैग्स को कब्जे में ले लिया है। बेटे का शव देख मां बेहोश
सूचना के बाद सिपाही के परिवार पहुंचा। मां बेटे का शव देखते ही बेहोश हो गईं। बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के चचेरे भाई ने बताया- गुरुवार शाम करीब 6-7 बजे के बीच आशीष ने घर कॉल किया था। वह काफी खुश था। बातचीत के दौरान वह काफी खुश दिख रहा था। आशीष के बाबा इतवारी लाल दरोगा पद से रिटायर हुए थे। जबकि पिता रघुवीर वर्मा यूपी पुलिस में कांस्टेबल रहे थे। बीमारी के चलते साल 2018 में उनकी मृत्यु हो गई थी। आशीष पांच बहनों के बीच इकलौता भाई था। घर में बहनों के अलावा मां कमला देवी और बुआ नन्ही देवी हैं। पुलिस में भर्ती होने के दो साल पहले एक बहन की शादी हो गई थी। घर पर 4 अविवाहित बहने शिखा, शशि, सत्यबती और मधु हैं। आशीष की भी अभी शादी नहीं हुई थी। शादी को टालता रहा, बहनों की चिंता पहले
परिजनों ने बताया कि आशीष ने शादी नहीं की थी। जब भी उसकी शादी की बात होती थी तो यह कहकर टालता रहा कि पहले बहनों की शादी करानी है। घटना की सूचना मिलते ही सीओ आलोक सिद्धू मौके पर पहुंचे। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। इंस्पेक्टर राजीव कुमार मलिक ने बताया कि सिपाही आशीष वर्मा ने रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या की है। उसका मोबाइल और अन्य सामान पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आत्महत्या के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 24 नवंबर 2024 को संभल शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान सिपाही आशीष वर्मा घायल हो गया था, मेरठ के अस्पताल में एक महीने तक इलाज चला था। ————————— ये खबर भी पढ़ें… सहारनपुर में डायमंड शोरूम में 2 करोड़ की चोरी, कैरेटलेन में 20 CCTV लगे थे सहारनपुर में एक डायमंड शोरूम में बड़ी चोरी हुई। चोरों ने गुरुवार देर रात टाटा कंपनी की जानी-मानी डायमंड फ्रेंचाइजी ‘कैरट लेन’ को निशाना बनाया। 2 लाख कैश और करोड़ों रुपए के गहने चुराकर भाग गए। शुक्रवार सुबह जब स्टाफ शोरूम खोलने पहुंचा तो दीवार टूटी मिली। पढ़ें पूरी खबर…