संभल में सरकारी जमीनों को खाली कराने के लिए एक बार फिर बुलडोजर चले। बिछौली गांव में करीब 27 बीघा सरकारी जमीन से अवैध कब्जे हटाए जाएंगे। बुधवार को 4 कानूनगो, 20 लेखपाल और एक नायब तहसीलदार की टीम पहुंची। उनके पीछे-पीछे दो बुलडोजर भी आए। मकानों की पैमाइश के बाद बुलडोजर चलने शुरू हुए। सबसे पहले गांव के प्रधान अतीक का घर तोड़ा गया। इसके बाद एक-एक कर 5 घरों पर बुलडोजर चला, यह जगह करीब 745 वर्गमीटर है। एक ऐसे घर को भी जमींदोज किया गया, जिसके परिवार में आज ही सगाई का कार्यक्रम था। मकान में रहने वाले युवक ने बताया- आज मेरी चचेरी बहन की मंगनी थी। हम लोग तैयार होकर जा रहे थे। आज ही हमारा घर तोड़ने बुलडोजर पहुंच गया। गांव के कुछ दलाल इस काम में आगे चल रहे हैं। एक्शन के दौरान गांव के चारों तरफ 15 जगहों पर पुलिस फोर्स के साथ RAF की एक कंपनी तैनात की गई। राजस्व विभाग की टीम ने लोगों से मकान खाली करने को कहा। कुछ ने विरोध किया, तो पुलिस ने समझाकर शांत कराया। बाद में लोग मकानों से सामान बाहर निकालने लगे। छत पर रखी पानी की टंकी भी उतारकर नीचे ले आए। जिस जमीन से अवैध कब्जे हटाए जा रहे, उनमें 12 बीघा जानवरों के चरने के लिए छोड़ी गई जमीन, 8 बीघा बाग, साढ़े चार बीघा खाद के गड्ढे की जमीन, सवा बीघा खेल का मैदान, आधा बीघा स्कूल की जमीन और आधा बीघा पंचायत घर की जमीन शामिल है। इससे पहले गांव सलेमपुर सलार उर्फ हाजीपुर और राया बुजुर्ग गांव में सरकारी जमीन पर अवैध मकानों को बुलडोजर से गिराया गया था। 4 तस्वीरें देखिए- बुलडोजर एक्शन के अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…