संभल में वाहन की टक्कर से पेंटर की मौत:बाइक सवार दूसरा साथी घायल, 8 महीने पहले हुई थी शादी

संभल में शनिवार शाम पेंट का काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे दो पेंटरों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। चंदौसी रोड स्थित भवानीपुर पुल पर हुए इस हादसे में एक पेंटर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान हजरतनगर थाना क्षेत्र के खानपुर सराय आलमपुर निवासी 21 वर्षीय राजेश कुमार पुत्र रामचरण के रूप में हुई है। घायल 23 वर्षीय आदेश पुत्र चंद्रभान को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। राजेश को जिला संयुक्त चिकित्सालय में मृत घोषित किया गया। राजेश की शादी आठ महीने पहले 5 मई 2024 को बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र की रजनी से हुई थी। उसकी मां का नाम शकुंतला देवी और एक छोटी बहन राजेश्वरी है, जो बीए की पढ़ाई कर रही है। घटना की सूचना मिलने पर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां युवक के शव को देखने के बाद उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की मांग पर मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। रविवार सुबह 11 बजे पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश के लिए सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।