संभल में शराब सेल्समैनों से 8 लाख रुपये की लूट हुई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर इस वारदात को अंजाम दिया। यह घटना मंगलवार शाम हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के फिरोजपुर पुल के पास हुई। सौरभ चौधरी और राजेंद्र भाटी शराब के गोदाम में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। वे मंगलवार शाम करीब 6 बजे असमोली क्षेत्र के टांडा कोठी, हरथला, हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के बैटला, सिरसी और मुरादाबाद के महमूदपुर माफी की देसी व अंग्रेजी शराब की दुकानों से बिक्री का कलेक्शन कर संभल लौट रहे थे। फिरोजपुर पुल के पास पहुंचते ही पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगा दी। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर गाड़ी की चाबी और मोबाइल छीन लिया। इसके बाद वे सेल्समैनों से लगभग 8 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) कृष्ण कुमार बिश्नोई, अपर पुलिस अधीक्षक (ASP उत्तरी) कुलदीप सिंह और सीओ संभल (IPS) आलोक भाटी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। थाना पुलिस और SOG टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का नक्शा तैयार किया और पूरे इलाके में नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी है। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि पुलिस को शाम 5:45 बजे लूट की जानकारी मिली थी। उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं।