संभल में सांप के काटने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। यह घटना गुन्नौर तहसील के जुनावई थाना क्षेत्र स्थित साधुमणी आश्रम पर माघ मेले के दौरान हुई। मृतक खुद सांप को एक प्लास्टिक के कट्टे में बांधकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जुनावई पहुंचा था, जहां इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। मृतक की पहचान हाथरस जंक्शन निवासी विजयपाल सिंह पुत्र मुन्ना सिंह के रूप में हुई है। वह शनिवार सुबह करीब 11 बजे साधुमणी आश्रम पर चल रहे माघ मेले में दर्शन और गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे। दोपहर लगभग 2 बजे गंगा स्नान के बाद जब वह आश्रम में दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी एक 6 फीट लंबे काले जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के काटने के बावजूद, विजयपाल सिंह ने उसे पकड़ लिया और एक प्लास्टिक के कट्टे में बंद कर लिया। सांप ने उनके हाथ-पैर में काटा था, जिससे उनकी हालत बिगड़ने लगी। इसके बावजूद, वह खुद सांप को लेकर सीएचसी जुनावई पहुंचे और डॉक्टरों से मदद की गुहार लगाई। अस्पताल में लगभग दो घंटे के इलाज के बाद, शाम करीब 4 बजे विजयपाल सिंह की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक का भांजा राजेश कुमार पुत्र चंद्रपाल सिंह, निवासी रामनगर टप्पा वैश्य, परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अस्पताल पहुंचा। अस्पताल से पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। जुनावई थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि हाथरस के एक बुजुर्ग की सांप के काटने से मौत हुई है। परिवार के सदस्यों के आने का इंतजार किया जा रहा है और उनकी शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। भांजे राजेश कुमार ने बताया कि उनके मामा अविवाहित थे और माघ मेले में शामिल होने आए थे।