संभल में UGC कानून का विरोध, छात्रों ने सौंपा ज्ञापन:जातिगत भेदभाव बढ़ाने वाले कानून को वापस लेने की मांग

संभल में UGC कानून के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन तेज हो गया है। बुधवार को डीएसएम शुगर मिल राजपुरा के विद्यार्थियों ने गुन्नौर तहसील पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने UGC कानून को वापस लेने की मांग की। दोपहर 3 बजे एसडीएम कार्यालय पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्र हुए और UGC कानून के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “UGC गो बैक”, “काला कानून वापस लो” और “जातिगत भेदभाव बंद करो” जैसे नारे लगाए। छात्रों का आरोप है कि यह कानून छात्रों के बीच जातिगत भेदभाव को बढ़ावा देता है और सवर्ण छात्र-छात्राओं के भविष्य को प्रभावित करेगा। उनका कहना है कि UGC के इस नियम से शिक्षा व्यवस्था में असमानता पैदा होगी, जिसका सीधा असर मेधावी छात्रों पर पड़ेगा। प्रदर्शन के बाद डीएसएम शुगर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में UGC कानून को तत्काल वापस लेने और सभी वर्गों के छात्रों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग की गई है। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस कानून को वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। गौरतलब है कि जिले में UGC के खिलाफ यह दूसरा प्रदर्शन है। इससे एक दिन पहले भी संभल में UGC कानून के विरोध में दो अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन हुए थे। एसडीएम गुन्नौर अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि छात्रों द्वारा दिया गया ज्ञापन जिलाधिकारी को भेजा जाएगा। ज्ञापन देने वाले छात्रों में ओजस कुमार शर्मा, मन कुमार, अंश, आदित्य, विभोर, अनंत, यथार्थ, वेदांश, अभय, दिवाकर, अक्षिता, भूमिका, आयुष आदि शामिल थे।