हाथरस में रविवार दोपहर सड़क हादसे में 2 साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने गाड़ी चालक और उसमें सवार 2 लोगों को हिरासत में लिया। गुस्साई भीड़ ने पुलिस से आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग की। इस बात को लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस में नोकझोंक हुई। धक्का-मुक्की के बाद लोगों ने पुलिस थाने पर पथराव कर दिया। मथुरा-बरेली मार्ग को जाम करके जमकर बवाल किया। घटना के समय थाने में मौजूद पुलिस वालों ने भागकर अपनी जान बचाई। घटना में कई लोग घायल हुए हैं। मौके पर कई थानों की फोर्स को बुलाया गया है। प्रशासिक अधिकारी भी पहुंचे हैं। हालात को काबू करने में लगे हैं। घटना दोपहर करीब 3.30 बजे की मुरसान कस्बे के मढ़ैया मोहल्ले की है। पहले 3 तस्वीरें देखें… अब पढ़िए पूरा मामला… मढ़ैया मोहल्ले के रहने वाले रूपेश कुमार प्राइवेट जॉब करते हैं। उनके दो बेटे हैं। बड़े बेटे की उम्र करीब साढ़े 4 साल है। वहीं दूसरा बेटा 2 साल का यश है। यश अपने घर के बाहर खेल रहा था। तभी एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार उसको रौंदते हुए निकल गई। गाड़ी में 3 लोग सवार थे। घटना के बाद परिजन बच्चे को हाथरस के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से उसे बागला अस्पताल रेफर किया गया, फिर अलीगढ़ भेजा गया। अलीगढ़ पहुंचने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक छा गया। बड़ी संख्या में परिजन मुरसान कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। परिजनों ने मुरसान कोतवाली के सामने मथुरा-बरेली मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस वालों ने किसी तरह समझाकर रोड से हटाया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। आरोपियों को हमारे हवाले किया जाए मुरसान कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी ने बताया- गाड़ी चालक सहित दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है। आक्रोशित लोगों की मांग थी कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को उनके हवाले किया जाए। पुलिस से नोकझोंक, धक्का-मुक्की हुई इसी बात को लेकर पहले पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक हुई, जिसके बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। मुरसान थाने के सामने ही रेलवे ट्रैक है। आक्रोशित लोगों ने रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर पत्थर उठाए और थाने पर जबरदस्त पथराव शुरू कर दिया। जिससे थाने का बोर्ड टूट गया। अंदर खड़ी गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। करीब 15 मिनट तक पथराव हुआ। प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने दर्ज किया केस हालात बेकाबू होते देख 6 थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने लाठियां फटकार कर लोगों को खदेड़ा। थाने पर पथराव करने और जाम लगाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पथराव में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। वहीं मुरसान नगर पंचायत अध्यक्ष देशराज सिंह समेत कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। अब स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ने बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया- कुछ उपद्रवी तत्वों ने रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर वहां से पत्थर उठाकर थाने पर फेंकना शुरू कर दिया। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 3 आरोपियों की शिनाख्त कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों के भी चोट आई है। ———————————- यह खबर भी पढ़ें..
संभल में सोना पकड़ने ई-रिक्शा से पहुंचे थे GST अफसर:मार्केट से 1KM दूर छोड़ीं गाड़ियां, 33 करोड़ का माल पकड़ा
संभल में 4 फरवरी को GST अफसरों ने ज्वेलर के यहां छापा मारकर 33 करोड़ का सोना-चांदी और डायमंड जब्त किया। इस छापेमारी को अंजाम देने के लिए अफसरों ने पूरी प्लानिंग की। मार्केट में किसी को छापेमारी की भनक न लगे, इसलिए अफसरों ने अपनी गाड़ियां दुकान से करीब एक किलोमीटर पहले ही छोड़ दीं। इसके बाद 2 टीमों में बंटकर अफसर दो ई-रिक्शे पर बैठकर मार्केट पहुंचे। पढ़ें पूरी खबर…