सड़क हादसे में युवती की मौत, भाई-बहन घायल:स्कूटी को कार ने मारी टक्कर, भाई का इलाज करवाने जा रही थी

गोंडा के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में देर शाम सड़क हादसे में 17 साल की युवती मल्लू की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उसकी 15 वर्षीय बहन रोशनी और 10 वर्षीय भाई हर्षित घायल हो गए। तीनों एक ही स्कूटी पर सवार होकर दवा लेने करनैलगंज कस्बे जा रहे थे।कांजेंमऊ गांव की निवासी मल्लू अपनी बहन रोशनी और भाई हर्षित के साथ करनैलगंज जा रही थी। हर्षित की तबीयत खराब होने के कारण वे दवा लेने के लिए निकले थे। त्रिलोकी नाथ तिवारी के घर के पास मोड़ पर करनैलगंज से सरयू डिग्री कॉलेज रोड पर आ रही एक अर्टिगा कार ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि मल्लू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोशनी और हर्षित गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही करनैलगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अर्टिगा कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक युवती के शव का पंचायतनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि एक लड़की की मौत हुई है, जबकि उसकी बहन और भाई घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि तीनों भाई-बहन एक ही स्कूटी पर सवार होकर भाई का इलाज करवाने करनैलगंज आ रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस परिजनों को सूचित कर आगे की कार्रवाई कर रही है।