चित्रकूट में सपा नेता ने दरोगा से बीच सड़क बदसलूकी की। कॉलर पकड़कर गालियां देने लगा। 4 पुलिसवालों के सामने दबंग ऑन ड्यूटी दरोगा को कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की करता रहा। कहता रहा कि मुझे आतंकवादी बनाने की कोशिश मत करो। थाने में बुलाओगे। बैठाकर रखोगे। घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दरोगा के साथ साथी पुलिसवाले भी दिख रहे हैं। उनमें एक घटना का वीडियो बना रहा है, जबकि एक बीच-बचाव करने में जुटा है। इसके बावजूद दबंग के चेहरे पर कोई डर या शिकन नहीं दिख रही है। दरोगा की तहरीर पर दबंग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि एक सप्ताह पहले सपा नेता के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ था। जिसमें पीड़ित दरोगा ही जांच अधिकारी (IO) हैं। आरोपी उन पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था। आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। घटना शुक्रवार को जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर रैपुरा थाना क्षेत्र के भौंरी चौराहे पर स्थित कृषक इंटर कॉलेज के सामने की है। पहले पूरी घटना सिलसिलेवार तरीके से समझ लीजिए… चित्रकूट के रैपुरा थाने में तैनात दरोगा सुभाष राम शुक्रवार शाम 4.30 बजे भौंरी चौराहे पर स्थित कृषक इंटर कॉलेज के पास एक मारपीट के मामले की जांच करने पहुंचे थे। आरोपी भौरी गांव का रहने वाला दद्दू यादव भाई चुनबद्दा यादव के साथ स्कूल के बाहर एक दुकान पर बैठा हुआ था। दद्दू सपा से जुड़ा है। चुनाव में काफी सक्रिय रहता है। दरोगा ने पूछताछ शुरू की। आनाकानी करने पर थाने चलने के लिए बोला। इससे बौखलाए दद्दू ने उनका कॉलर पकड़ लिया। सरेराह सुभाष राम से गाली-गलौज शुरू कर दी। धक्का-मुक्की करने लगा। इस दौरान मौके पर रैपुरा थाना प्रभारी आशुतोष तिवारी साथी पुलिसवालों के साथ पहुंचे। आरोपी को पकड़ने की बजाय बीच बचाव करने लगे। समझाने लगे। 4 पुलिसवालों के सामने दद्दू दरोगा से बदसलूकी करता रहा। धमकी देता रहा। इस दौरान इंस्पेक्टर आरोपी पर सख्ती करने के बजाय उसे समझाते रहे। वीडियो बनाते रहे। दरोगा को बचाते रहे। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। काफी मशक्कत के बाद हालात काबू में आए। आरोपी और दरोगा के बीच बातचीत पढ़िए- दरोगा- तुम्हारा बयान लेना है, थाने चलना होगा।
आरोपी- तुम कौन होते हो, मैं नहीं दूंगा बयान…
दरोगा- तुम पर मुकदमा लिखा है, पहले भी थाने बुलाया था, पर तुम भाग गए।
आरोपी- मैं नहीं दूंगा कोई बयान, वारंट है क्या कोई। मुझे कैसे थाने में बैठा रखोगे। मुझे कैसे पकड़ लिया। मुझे आतंकवादी बना देगा क्या? अब मामले को विस्तार से समझते हैं… आरोपी का सपा से नाता, चुनावों में रहता है सक्रिय जानकारी के मुताबिक, आरोपी दद्दू यादव समाजवादी पार्टी से जुड़ा है। पहले भौरी से विधानसभा प्रभारी रह चुका है। टेंट, सटरिंग और भाड़े पर ट्रैक्टर चलवाने का काम करता है। लोगों का कहना है कि सियासी पहुंच होने की वजह से वह आए दिन लोगों से दबंगई करता है। सपा जिलाध्यक्ष बोले- कार्रवाई होगी सपा जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव ने कहा- दद्दू वर्तमान में पार्टी कार्यकर्ता हैं। किसी भी पद पर नहीं हैं। दूसरी बात- उसने गलत किया है। शासन-प्रशासन के साथ बदसलूकी नहीं करनी चाहिए। फिलहाल जमानत के बाद उन्हें बुलाया जाएगा। पार्टी स्तर से कार्रवाई की जाएगी। आरोपी गिरफ्तार, होगी कड़ी कार्रवाई मामले को लेकर रैपुरा थाना प्रभारी आशुतोष तिवारी ने बताया- दरोगा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, ऑन ड्यूटी पुलिस ऑफिसर से मारपीट करने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका भाई फरार है। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ————————– ये खबर भी पढ़िए… मुरादाबाद में महिला जज के पिता की गोली मारकर हत्या:नमाज पढ़ने घर से निकले थे, साले ने सिर में सटाकर फायरिंग की
मुरादाबाद में महिला जज के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह रोजा खोलने के बाद अपने साले के साथ तरावीह की नमाज पढ़ने मस्जिद जा रहे थे। तभी बाइक पर सवार होकर उनका दूसरा साला आया और पीछे से सिर में बंदूक सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वह गिर गए। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मोहम्मद असद ‘अलविना’ नाम से बेकरी चलाते थे। वारदात को अंजाम देने वाला साला हिस्ट्रीशीटर है। बेकरी संचालक से उसका प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। पढ़िए पूरी खबर…