सपा सांसद बर्क बोले- दिल्ली ब्लास्ट की निष्पक्ष जांच हो:कहा- जांच से पहले किसी को दोषी या आरोपी न ठहराया जाए

संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने दिल्ली आतंकी हमले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषियों को सजा मिलनी चाहिए और पूरा देश ऐसी घटनाओं की कड़ी निंदा कर रहा है। गुरुवार को सांसद बर्क चंदौसी में नगर अध्यक्ष संजय मदान और महिला सभा की पूर्व जिलाध्यक्ष संगीता यादव के आवास पर पहुंचे, जहां उनका स्वागत किया गया। सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने निष्पक्ष जांच पर जोर देते हुए कहा कि जिन लोगों ने जान गंवाई है, उनके परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना में जान-माल का नुकसान किसी एक धर्म का नहीं, बल्कि सभी धर्मों के लोगों का हुआ है और पूरा देश पीड़ितों के साथ खड़ा है। सांसद बर्क ने कुछ मीडिया घरानों पर तंज कसते हुए कहा कि वे जांच पूरी होने से पहले ही निष्कर्ष पर पहुंच जाते हैं। उन्होंने कहा कि जब उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की गई है और जांच चल रही है, तो मीडिया को किसी को भी जांच से पहले आरोपी साबित नहीं करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि न उनके कहने से कोई आरोपी बन सकता है और न ही हट सकता है। उन्होंने धर्मेंद्रजी की ‘फर्जी रिपोर्ट’ का उदाहरण देते हुए कहा कि जांच समिति की रिपोर्ट आने और दोषियों का पता चलने के बाद ही किसी को दोषी मानना चाहिए। सांसद ने जोर दिया कि जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ निश्चित रूप से अदालत में कार्रवाई होनी चाहिए। इस अवसर पर डॉ. हरवंश सिंह यादव, सुरेशपाल सिंह यादव, ईश्वरदयाल यादव, उमेश यादव, ज्ञानेंद्र यादव, पूरन सिंह मौर्य, विमलेश कुमारी, अफसाना, चंदा बी, सुधा गुप्ता, शिवानी गुप्ता, ममता मधुकर, कमलेश, राममूर्ति, फखरे आलम, संजय मदान, रजत यादव, एडवोकेट रोहन सिंह यादव, एडवोकेट मलखान सिंह, एडवोकेट मोहम्मद जमाल, रिंकू चौहान, वसीम अहमद, फैजान चौधरी, असफाक अहमद, मनोज गुप्ता और बब्बू खां सहित कई लोग मौजूद रहे।