सभी को दिया एकता और संविधान के सम्मान का संदेश:त्यागी ब्राह्मण छात्रावास और कांग्रेस कार्यालय में गणतंत्र दिवस समारोह

गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहर में विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े ऐतिहासिक त्यागी ब्राह्मण छात्रावास तथा कांग्रेस पार्टी कार्यालय में आयोजित समारोहों में कांग्रेस प्रवक्ता एवं छात्रावास मैनेजमेंट कमेटी सदस्य अभिमन्यु त्यागी ने संविधान, एकता और कर्मप्रधान देशभक्ति पर जोर दिया। त्यागी ब्राह्मण छात्रावास में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभिमन्यु त्यागी ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता है।
उन्होंने कहा, “भारत में अलग-अलग भाषा, वेशभूषा और आस्थाएँ हो सकती हैं, लेकिन तिरंगे के नीचे हम सब केवल भारतीय हैं। यही भारत की आत्मा है और यही हमारे संविधान का मूल संदेश है।” उन्होंने भारत की सांस्कृतिक परंपरा का उल्लेख करते हुए वेदों की सहिष्णुता, बुद्ध की करुणा, महावीर की अहिंसा, सूफियों की मोहब्बत, गुरु नानक की समानता और कबीर–रैदास की सामाजिक चेतना को भारतीय चेतना का आधार बताया। उन्होंने छात्रों से संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि धर्म को निजी आस्था और सेवा का माध्यम बनाया जाए, न कि नफरत और विभाजन का हथियार। “संविधान है तो भारत है, सद्भाव है तो भारत है,” — ऐसा संदेश उन्होंने दिया। वहीं कांग्रेस पार्टी कार्यालय में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में कांग्रेस महानगर अध्यक्ष श्री रंजन शर्मा ने झंडा फहराया। इसके पश्चात सभी कांग्रेसजनों ने तिरंगे को सलामी दी और भारत माता की जय व वन्देमातरम के उद्घोष के साथ राष्ट्रगान जन गण मन का सामूहिक पाठ किया गया। कांग्रेस कार्यालय में अपने संबोधन में अभिमन्यु त्यागी ने कहा, असली देशभक्ति वह है जो नारों में नहीं, बल्कि हमारे कर्मों में दिखाई दे। संविधान, लोकतंत्र और जनसेवा के लिए किया गया हर ईमानदार प्रयास ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है। दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में सीनियर नेता, मैनेजमेंट कमेटी सदस्य, कांग्रेस पदाधिकारी, छात्र एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
त्यागी ब्राह्मण छात्रावास में वर्तमान में सर्व समाज के 150 से अधिक छात्र निवास करते हैं, जिनमें से कई पूर्व छात्र आज सिविल सर्वेंट, जज, प्रोफेसर, डॉक्टर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर देशसेवा कर रहे हैं। भारत माता की जय! ,वन्देमातरम! , जय हिन्द! जैसे देशभक्ति के नारों के साथ कार्यक्रमों का समापन हुआ ।