सरस्वती विद्या मंदिर में ‘सप्त शक्ति संगम’ कार्यक्रम का आयोजन:अयोध्या में वंदना उपाध्याय बोलीं- भारतीय कुटुंब व्यवस्था को मातृशक्ति ही मजूबत करेगी

विद्या भारती की ओर से संचालित शिवदयाल जायसवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, तुलसीनगर में “सप्त शक्ति संगम” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ शक्ति के माध्यम से कुटुंब व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और संस्कृति के प्रति भारतीय दृष्टिकोण को सशक्त रूप से स्थापित करना था। इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वंदना उपाध्याय ने कहा कि भारतीय कुटुंब व्यवस्था के महत्व को मातृ शक्ति ही मजबूत बनाएगी। माताओं और महिलाओं के माध्यम से ही बालक का समग्र विकास संभव है। उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ शक्ति में आत्मगौरव, सांस्कृतिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण की भावना को प्रबल करना है। कार्यक्रम में मातृ शक्ति, पर्यावरण और महिला सशक्तिकरण पर जोर
वक्ता डॉ. प्रज्ञा मिश्रा ने अपने उद्बोधन में भारतीय संस्कृति के मूल सिद्धांत “वसुधैव कुटुम्बकम्” और प्रकृति के साथ संतुलित जीवन शैली पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पारिवारिक मूल्यों, संवाद, सम्मान और पर्यावरण संरक्षण को मातृशक्ति के महत्वपूर्ण दायित्वों के रूप में प्रस्तुत किया। साथ ही, वृक्षारोपण, ऊर्जा संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग पर भी विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। वक्ता प्रो. शुचिता पाण्डेय ने कहा कि भारत के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, वित्तीय स्वावलंबन, नेतृत्व क्षमता और लैंगिक समानता जैसे विषयों पर प्रकाश डालते हुए समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना की। कार्यक्रम के अध्यक्षीय आशीर्वचन देते हुए सरिता गर्ग ने विद्या भारती विद्यालय के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और संस्था की सराहनीय गतिविधियों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। छात्राओं ने विभिन्न वीरांगनाओं का अभिनय प्रस्तुत किया
विद्या भारती की ओर से संचालित शिवदयाल जायसवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, तुलसीनगर में आयोजित “सप्त शक्ति संगम” कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न वीरांगनाओं का प्रेरणादायी अभिनय प्रस्तुत किया। इसमें आरजू पाण्डेय ने अहिल्याबाई, शिखा शुक्ला ने जीजाबाई, ऋचा त्रिपाठी ने सीता, सौम्या सिंह ने रानी लक्ष्मीबाई, हर्षिता मिश्रा ने कल्पना चावला, रिया पाण्डेय ने कर्नल सोफिया कुरैशी और जाह्नवी मिश्रा ने विंग कमांडर व्योमिका सिंह की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन आचार्या सीमा पांडेय ने किया। विशिष्ट सम्मान संगीत में किरन झां, शिक्षा में स्वाती शुक्ला और सामाजिक कार्य में सुधा तिवारी को प्रदान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, ॐ और भारतमाता के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन से मुख्य अतिथि वंदना उपाध्याय (अध्यक्ष रामाय सेवा ट्रस्ट), अध्यक्ष सरिता गर्ग, मुख्य वक्ता प्रो. शुचिता पाण्डेय, डॉ. प्रज्ञा मिश्रा और प्रांत अध्यक्ष इतिहास संकलन समिति के द्वारा किया गया। प्रस्ताविका आचार्या विभा तिवारी ने रखी। आभार प्रदर्शन आचार्या ज्योति तिवारी ने किया और संचालन उर्मिला शुक्ला ने संभाला। कार्यक्रम के समापन से पूर्व प्रो. शुचिता पाण्डेय ने सभी को संकल्प दिलाया। समापन वंदे मातरम से हुआ। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अवरीश कुमार (संभाग निरीक्षक), अवनि कुमार शुक्ल (प्रधानाचार्य), मंगली प्रसाद तिवारी, विजय कुमार सिंह, बैजनाथ त्रिपाठी और समस्त विद्यालय परिवार सहित 298 मातृ शक्ति उपस्थित रहीं।