सहारनपुर नगर निगम का तिब्बती मार्केट पर अल्टीमेटम:रात तक हटा लें अतिक्रमण, कल चलेगा बुलडोजर; तीसरी बार मुनादी कर कब्जा हटाने की अंतिम चेतावनी

सहारनपुर में तिब्बती मार्केट की सड़क पर अवैध रूप से लगाए गए थलों और अतिक्रमण को लेकर नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर रविवार शाम नगर निगम की टीम ने तिब्बती मार्केट पहुंचकर थलेदारों से मुनादी कर अवैध कब्जे स्वयं हटाने के निर्देश दिए। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो नगर निगम अपने संसाधनों से कार्रवाई करेगा। इस कार्रवाई में होने वाला हर्जा-खर्चा भी संबंधित लोगों से वसूला जाएगा। नगर निगम ने दो दिन पहले ही तिब्बती मार्केट में सड़क पर अतिक्रमण कर थले लगाने वालों को नोटिस चस्पा किए थे। इन नोटिसों में 18 जनवरी तक सभी अतिक्रमण हटाने का स्पष्ट निर्देश था। इसके बावजूद रविवार शाम तक अधिकांश थलेदारों ने अपना कब्जा नहीं हटाया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती रही और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार शाम नगरायुक्त के निर्देश पर सहायक नगरायुक्त विकास धर दुबे और अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुनादी के माध्यम से अंतिम चेतावनी दी। अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम द्वारा अब तक तीन बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं और कई बार मुनादी भी कराई गई है, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अंतिम चेतावनी है और इसके बाद बिना किसी अतिरिक्त सूचना के निगम द्वारा कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम अधिकारियों ने यह भी बताया कि तिब्बती मार्केट में अवैध अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है। इससे पैदल चलने वालों और वाहन चालकों दोनों को असुविधा होती है। नगर निगम का उद्देश्य किसी का रोजगार छीनना नहीं, बल्कि सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना है। इस दौरान संपत्ति सुरक्षा अधिकारी हरि प्रकाश कसाना सहित प्रवर्तन दल के जवान भी मौके पर मौजूद रहे। नगर निगम की इस सख्ती से थलेदारों में हलचल देखी गई। निगम प्रशासन ने दो टूक शब्दों में कहा है कि निर्धारित समय सीमा के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निश्चित रूप से की जाएगी।