सहारनपुर नगर निगम की जनसुनवाई में मंगलवार को कुल आठ शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से सफाई से संबंधित दो समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया। नगरायुक्त शिपू गिरि ने जनसुनवाई की अध्यक्षता की और नगर स्वास्थ्य अधिकारी को महानगर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में वार्ड 04 लक्ष्मीपुरम निवासी अशोक कुमार ने कॉलोनी में नियमित सफाई न होने की शिकायत की। इसी तरह, वार्ड 62 मौहल्ला शाह बहलोल निवासी अशरफ खां ने शीश महल वाली गली में गंदगी की समस्या बताई। नगरायुक्त ने इन दोनों शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्रों में सफाई निरीक्षक और सफाई मित्रों को भेजा, जिसके बाद मौके पर ही सफाई कराकर समस्याओं का समाधान किया गया। अन्य सफाई संबंधी शिकायतों में वार्ड 33 रोहित विहार के निशांत पंवार ने नालियों की सफाई, वार्ड 58 बाजार रामानंदी के नवनीत ने जैन अस्पताल के पास सफाई व्यवस्था सुधारने और वार्ड 09 कनिका विहार की अंजु ने नियमित सफाई न होने की शिकायत की। वार्ड 32 मौहल्ला खानआलमपुरा निवासी इनाम अंसारी ने रमजान से पहले विशेष सफाई अभियान चलाने का अनुरोध किया। नगरायुक्त ने इन सभी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में वार्ड 09 निवासी अंजु धींगड़ा ने कनिका विहार कॉलोनी की नालियों से अतिक्रमण हटवाने की मांग की, जिस पर प्रवर्तन दल प्रभारी को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वार्ड 62 मौहल्ला शाह बहलोल निवासी अशरफ खां ने शीश महल वाली गली में आवारा कुत्तों की समस्या भी उठाई। इस पर नगरायुक्त ने पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी को निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। जनसुनवाई के दौरान अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव और मृत्युंजय, मुख्य अभियंता निर्माण सुरेश चंद सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।