सहारनपुर में किसानों से ठगी करने वाले गिरोह पर शिकंजा:20 लाख की संपत्ति कुर्क, जय एग्रो बायो साइंसेज कंपनी के नाम पर की थी धोखाधड़ी

सहारनपुर पुलिस ने किसानों से करोड़ों की ठगी करने वाले एक गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जैविक खाद प्लांट लगाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले चार आरोपियों की करीब 20 लाख रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क की है। इसमें एक महिंद्रा XUV700 कार और छह लाख रुपये नकद शामिल हैं। यह धोखाधड़ी जय एग्रो बायो साइंसेज प्रा.लि. कंपनी के नाम पर की गई थी। थाना नानौता पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों की अपराध से अर्जित संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई डीआईजी एसएसपी आशीष तिवारी के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण और अवैध संपत्ति जब्ती के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। थाना नानौता पुलिस ने इस मामले में प्रभावी पैरवी की। एसपी देहात सागर जैन के अनुसार, आरोपियों ने किसानों और आम लोगों को जैविक खाद प्लांट लगाने का लालच देकर उनसे मोटी रकम वसूली थी। जांच में सामने आया कि यह पूरी योजना सुनियोजित धोखाधड़ी थी। थाना नानौता में इस संबंध में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था और चारों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान यह भी पता चला कि आरोपियों ने ठगी से प्राप्त धनराशि से महंगी गाड़ियां और अन्य संपत्तियां खरीदी थीं। विवेचक एसआई जितेंद्र सिंह द्वारा कोर्ट में सशक्त पैरवी की गई, जिसके बाद अपर सिविल जज (जू.डि.)/जेएम, देवबंद ने आरोपियों द्वारा अवैध रूप से अर्जित चल संपत्ति और नकदी को कुर्क करने के आदेश दिए। एसपी देहात ने बताया कि ऐसी कार्रवाइयों का उद्देश्य न केवल अपराधियों पर शिकंजा कसना है, बल्कि समाज में यह संदेश देना भी है कि ठगी और जालसाजी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सहारनपुर पुलिस का यह कदम किसानों और आम जनता के हितों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।