सहारनपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने होली और ईद से पहले मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव माहेश्वरी खुर्द स्थित गोरी स्वीट्स की दुकान पर छापा मारा। इस दौरान लगभग 200 किलोग्राम मिलावटी और दूषित मिठाई नष्ट की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य) मनोज कुमार वर्मा के नेतृत्व में की गई। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि दुकान में मिठाइयों का निर्माण अत्यंत गंदगी के बीच हो रहा था। साफ-सफाई के मानकों की अनदेखी और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर टीम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और दुकानदार को फटकार लगाई। मौके पर मिली मिठाइयों की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई, जिसके चलते लगभग दो क्विंटल मिठाई को तत्काल नष्ट कर दिया गया। छापेमारी के दौरान टीम ने पनीर, छेना, रंगीन छेना और मावे के नमूने भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि आगामी होली पर्व को देखते हुए आयुक्त के निर्देश पर 19 फरवरी से पूरे जनपद में मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान दिन और रात दोनों समय जारी है। जनपद के टोल प्लाजा और नाकों पर विभाग की टीमें तैनात की गई हैं, ताकि बाहर से आने वाली मिठाइयों, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की सघन जांच की जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि जहां से भी मिलावट की सूचना मिल रही है, वहां दूध, दही, पनीर, मिठाई, मसाले और अन्य खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। माहेश्वरी खुर्द में की गई कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सेहत से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और यह अभियान होली व ईद तक लगातार जारी रहेगा।