सहारनपुर के नागल कस्बे में छोले-भटूरे के पैसे मांगने पर एक दुकानदार पर चाकू से हमला किया गया। मंगलवार दोपहर हुई इस घटना में विक्रेता रणजीत कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना नागल बस स्टैंड पर हुई, जहां रणजीत कश्यप अपनी रेहड़ी लगाकर छोले-भटूरे बेच रहे थे। दोपहर करीब दो बजे उनके ही गांव का राजवीर सिंह वहां पहुंचा और छोले-भटूरे खाने के बाद रणजीत ने उससे पैसे मांगे। पैसे मांगने पर राजवीर ने बहस शुरू कर दी और गाली-गलौज करने लगा। रणजीत के विरोध करने पर आरोपी राजवीर ने रेहड़ी पर रखा चाकू उठाया और सीधे उनके पेट में घोंप दिया। रणजीत लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। रणजीत के बेटे बोबी कुमार ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया, जिसके आधार पर आरोपी राजवीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मंगलवार शाम को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर राजवीर को जौला डिगोली रोड पर एक ईख के खेत से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी राजवीर ने बताया कि रणजीत द्वारा सबके सामने पैसे मांगने पर उसे अपमानित महसूस हुआ, जिसके गुस्से में उसने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को आवश्यक औपचारिकताओं के बाद अदालत में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में एसआई योगेंद्र सिंह, एसआई प्रवीण कुमार, कांस्टेबल विक्रांत कुमार, कांस्टेबल कृष्णा गोपाल और होमगार्ड बिजेंद्र सिंह सहित पुलिस टीम शामिल रही। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और बाजार में देर तक अफरा-तफरी बनी रही। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घायल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।