सहारनपुर में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई:850 बकायादारों को कुर्की नोटिस, 8 संपत्तियां सील

सहारनपुर में नगर निगम ने बकाया टैक्स न चुकाने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। निगम प्रशासन ने 850 बड़े बकायादारों को कुर्की के नोटिस भेजे हैं और आठ संपत्तियों को सील कर दिया है। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर नगर निगम के राजस्व विभाग ने बकाया वसूली अभियान तेज किया है। यह कार्रवाई शहर में टैक्स वसूली को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से की जा रही है। नगर निगम के कर अधीक्षक सुधीर शर्मा ने बताया कि जिन भवन स्वामियों ने लंबे समय से बकाया टैक्स जमा नहीं किया है, उनके खिलाफ कुर्की की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। नोटिस के बाद भी बकाया राशि जमा न होने पर संपत्तियों को कुर्क कर नीलामी की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। इसी अभियान के तहत नगर निगम की टीम ने शहर के कई इलाकों में कार्रवाई की। अंबाला रोड, खात्ताखेड़ी, दिल्ली रोड और नखासा बाजार में टैक्स बकाया होने पर आठ संपत्तियों को सील किया गया है। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान जारी रहेगा। जिन लोगों ने अब तक टैक्स जमा नहीं किया है, उनके खिलाफ भी जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम ने टैक्स चोरी या लापरवाही को किसी भी हाल में बर्दाश्त न करने की बात कही है। कर अधीक्षक सुधीर शर्मा ने सभी बकायादारों से अपील की है कि वे कुर्की और सीलिंग जैसी कार्रवाई से बचने के लिए जल्द से जल्द अपना बकाया टैक्स जमा करा दें।