सहारनपुर में नववर्ष 2026 के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। एसएसपी आशीष तिवारी के निर्देश पर पूरे जनपद को 21 सेक्टरों और 6 जोन में विभाजित किया गया है। इन क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 4000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य है कि नववर्ष के जश्न के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो और नागरिक सुरक्षित महसूस करें। सुरक्षा व्यवस्था के तहत संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रमुख बाजारों, चौराहों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एलआईयू (स्थानीय खुफिया इकाई) की टीमें भी लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फायर पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए रात 2 बजे से भारी वाहनों के प्रवेश पर ‘नो-एंट्री’ लागू की गई है। हाईवे और टोल प्लाजा पर लगे पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम की जांच पहले ही कर ली गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर लोगों को तुरंत सूचनाएं दी जा सकें। यातायात पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि कोहरे के कारण अनावश्यक रूप से वाहन लेकर बाहर न निकलें। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग करने की सलाह दी गई है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी जारी की गई है। किसी भी प्रकार की शरारत,हुड़दंग या आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर सूचना देने का आग्रह किया गया है। एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि जनपद पुलिस पूरी तरह सतर्क है और नववर्ष 2026 को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने के लिए हर स्तर पर तैयार है।