सहारनपुर में नशे की हालत में पेड़ पर चढ़ा युवक:नशे में युवक 30 फीट ऊंचे पीपल पर चढ़ा, नशा कम होने पर उतरा

सहारनपुर के चिलकाना कस्बे में एक युवक नशे की हालत में पीपल के पेड़ पर चढ़ गया, जिससे लगभग दो घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। यह घटना रविवार को चिलकाना बस अड्डे के पास हुई, जहां युवक को पेड़ पर चढ़ते देख स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक नशे में था और बिना किसी स्पष्ट कारण के लगभग 30 फीट ऊंचे पीपल के पेड़ पर चढ़ने लगा। लोगों के समझाने पर भी वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। सूचना मिलते ही चिलकाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पेड़ के नीचे गद्दे डलवाए ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। नशे में धुत युवक पुलिस और स्थानीय लोगों की बातों को लगातार अनसुना करता रहा और जैसे-जैसे उसे नीचे आने के लिए कहा जाता, वह और ऊपर चढ़ता चला गया। पुलिस ने धैर्य बनाए रखा और युवक को समझाने का सिलसिला जारी रखा। काफी देर की मशक्कत के बाद, पुलिस ने एक अन्य युवक को पेड़ पर चढ़ाकर उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह तब भी नीचे आने को राजी नहीं हुआ। लगभग दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद, जब युवक का नशा कुछ कम हुआ तो वह स्वयं ही धीरे-धीरे पेड़ से नीचे उतर आया। युवक के सकुशल नीचे उतरने पर पुलिस प्रशासन और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने युवक को भविष्य में नशा न करने की सख्त हिदायत दी और उसके परिजनों को बुलाकर उन्हें सौंप दिया। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक किस वजह से पेड़ पर चढ़ा था।