सहारनपुर में नाबालिग से कुकर्म का प्रयास:पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट, पॉस्को एक्ट में कार्रवाई

सहारनपुर के बड़गांव थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से कुकर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। बड़गांव पुलिस ने सोमवार शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। यह मामला 14 दिसंबर 2025 का है। बड़गांव थाने पहुंची एक महिला ने पुलिस को तहरीर दी। महिला ने आरोप लगाया कि गांव भगवानपुर निवासी गौरव पुत्र महिपाल ने उसके 17 वर्षीय नाबालिग बेटे के साथ कुकर्म करने का प्रयास किया। शिकायत के अनुसार, जब महिला और उसके बेटे ने आरोपी की इस हरकत का विरोध किया और घटना की जानकारी देने की बात कही, तो गौरव ने उनके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। बड़गांव पुलिस ने तत्काल पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। सोमवार को बड़गांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गौरव गांव भगवानपुर में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों पर पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। इस मामले में सभी साक्ष्यों को संकलित कर विवेचना की जा रही है।