सहारनपुर के गंगोह कस्बे में शुक्रवार देर शाम एक फर्नीचर की दुकान में भीषण आग लग गई। यह आग शिव चौक के पास स्थित दुकान में लगी, जिससे लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग पड़ोस में चल रहे एक शादी समारोह के दौरान छोड़े गए पटाखों की चिंगारी से लगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 पर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही गंगोह थाने की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया, लेकिन तब तक दुकान में रखा लाखों रुपए का फर्नीचर, लकड़ी और अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुका था। दुकान स्वामी लाला मोंटी बक्से वाले ने बताया कि उनकी दुकान में महंगा फर्नीचर और कच्चा माल रखा था, जो आग की चपेट में आने से पूरी तरह नष्ट हो गया। उन्होंने कहा कि आग लगने की सूचना पर वे मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ भी बचाना संभव नहीं हो सका। घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां लगातार आग बुझाने में लगी रहीं। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और किसी जनहानि की कोई सूचना नहीं है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शादी समारोहों में पटाखों के अनियंत्रित उपयोग पर सख्त प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।