सहारनपुर में पांच चोर गिरफ्तार:कई चोरी की वारदातों का खुलासा, घटना में प्रयुक्त कर सहित चोरी का माल बरामद

सहारनपुर की बडगांव थाना पुलिस ने गुरुवार को चोरी की कई वारदातों का खुलासा करते हुए पांच चोरों को गिरफ्तार किया है। ये चोर क्षेत्र में सक्रिय थे और कई घटनाओं को अंजाम दे चुके थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नानौता क्षेत्र निवासी आबिद, फरमान, इकबाल, इमरान और रहबर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 800 ग्राम महिलाओं के बाल, 4 किलोग्राम तांबा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चोरी किए गए 4 छत के पंखे, 15 हजार रुपये नकद, 5 अवैध चाकू और चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की गई एक कार बरामद की है। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि इन सभी आरोपियों को चौकी मौरा क्षेत्र से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने कई चोरियों का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि करीब चार माह पहले अम्बेहटा चांद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पंखे चुराए थे। इसके अलावा, तीन माह पहले महेशपुर क्षेत्र से एक बुलेट बाइक से 17 किलो बाल चोरी किए थे, जिनमें से अधिकांश कबाड़ियों को बेच दिए गए थे। बरामद 800 ग्राम बाल वे आज बेचने जा रहे थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि 10 दिसंबर की सुबह उन्होंने एक कबाड़ी की दुकान से तांबा चोरी किया था। दुकान मालिक ने उन्हें देख लिया था, लेकिन वे कार में बैठकर फरार हो गए थे। एक माह पहले बडगांव कस्बे में स्थित पशु आहार की दुकान से बैटरियां, इन्वर्टर और एक बच्चे की साइकिल भी इन्होंने ही चुराई थी। ये सभी सामान भी कबाड़ियों को बेचकर पैसे आपस में बांट लिए थे। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों पर पहले भी चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं और ये सभी आदतन अपराधी हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र सिंह, उपनिरीक्षक हितेश कुमार, सोनू कुमार, हेड कांस्टेबल विवेक कुमार, कांस्टेबल अमरदीप, विक्रांत और होमगार्ड सतीश कुमार शामिल थे। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।