सहारनपुर में फेसबुक पर लाइव आकर एक युवक ने जहर खा लिया। वीडियो में युवक ने 4 लोगों पर रुपए हड़पने का आरोप लगाया है। युवक ने कहा- ‘मेरे पास 7 लाख रुपए थे। ये मेरी मेहनत की कमाई थी। चार लोगों ने मिलकर मेरे साथ ऐसा खेल खेला कि आज मुझे मरना पड़ रहा है। दोस्तों, भाइयों…बस मेरे बच्चों का ख्याल रखना। इन लोगों को मेरे पैसे लौटाने पर मजबूर करना…एक रुपया भी मत छोड़ना। यह कहते हुए युवक कादिर राणा ने जहर की पुड़िया निकाली और उसे फाड़कर हाथ पर जहर निकाल लिया। फिर जहर को खा गया और ऊपर से पानी पी लिया। सोशल मीडिया पर लाइव देख रहे लोगों ने तुरंत परिवार वालों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे घरवाले उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। मामला अंबेहटा थाना क्षेत्र के टिडौली गांव का है। पहले तीन तस्वीरें देखिए… अब जानिए पूरा मामला… टिडौली गांव के रहने वाले कादिर राणा ने फेसबुक पर लाइव आकर जहर खा लिया। वीडियो में कादिर ने कहा- नौशाद कुरैशी, लियाकत, आरिफ और मास्टर कदीर ने मिलकर मुझसे 7 लाख रुपए हड़प लिए। ये वही लोग हैं, जिन्होंने मेरे हंसते-खेलते परिवार को तबाही के कगार पर ला खड़ा किया। कादिर ने कहा- मुझे दुकान पर बैठने तक नहीं दिया जा रहा। धमकियां दी जा रही हैं। गालियां दी जाती हैं। कहा जाता है कि अगर पैसे मांगे तो जान से मार देंगे। मैं टूट चुका हूं। अब जीने की ताकत नहीं बची। मेरे बच्चों को बेसहारा न छोड़ें लाइव के दौरान कादिर बार-बार गांव के जिम्मेदार लोगों, प्रधान, बुजुर्गों और युवाओं से अपील करता रहा कि वे मेरे बच्चों को बेसहारा न छोड़ें। अगर मैं जिंदा न बचूं, तो गांव वाले मिलकर मुझसे ठगे गए पूरे पैसे वापस दिलाएं। वीडियो सामने आते ही गांव में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर लाइव देख रहे लोगों ने तुरंत परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। कुछ ही देर में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में युवक को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की तत्परता से कादिर की जान तो बच गई, लेकिन उसकी हालत ने पूरे गांव को झकझोर दिया। आर्थिक लेनदेन और मानसिक उत्पीड़न से जुड़ा मामला घटना की सूचना मिलते ही अंबेहटा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। युवक के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मामला आर्थिक लेनदेन और मानसिक उत्पीड़न से जुड़ा है। जिन चार लोगों पर आरोप लगे हैं, उनसे पूछताछ की तैयारी की जा रही है। वायरल वीडियो को भी जांच का अहम सबूत माना गया है। अब युवक की जान बच गई है। वहीं, पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।