सहारनपुर में रमेश चंद्र छबीला के कहानी संग्रह का विमोचन:’आज का उजाला’ का अनावरण, साहित्यकारों ने की सराहना

सहारनपुर में साहित्यकार और पत्रकार रमेश चंद्र छबीला के नए कहानी संग्रह ‘आज का उजाला’ का विमोचन किया गया। अंबाला रोड स्थित स्वामी राम तीरथ केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम में साहित्य, कला और शिक्षा जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। सारंग सामाजिक संगठन के तत्वावधान में स्वामी राम तीरथ केंद्र में आयोजित समारोह का शुभारंभ हुआ। अंबाला से आए शुभ तारिका के संपादक विजय कुमार, श्याम कुमार सैनी, पंकज शर्मा और लेखक रमेश चंद्र छबीला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया।
कार्यक्रम में मुदित जैन, सुरेंद्र शर्मा, सौरभ सिंघल, पार्षद सुभाष चंद्र, जी.एस. बब्बर, रविंद्र गुप्ता और रवि बख्शी ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद रमेश चंद्र छबीला के कहानी संग्रह ‘आज का उजाला’ का अनावरण किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. वीरेंद्र आज़म ने पुस्तक में शामिल दसों कहानियों का विश्लेषण किया। उन्होंने बताया कि इन कहानियों में समाज की सच्चाइयों को रोचक संवादों और प्रभावशाली कथ्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। डॉ. विजेंद्र पाल शर्मा का संदेश अरुण कुमार सूरी ने पढ़ा, जिसमें लेखक की साहित्यिक उपलब्धियों की सराहना की गई थी। डॉ. सुकेश शर्मा, आह्वान जैन, कीर्ति चुग, सतीश कुमार आर्य, राकेश वत्स, विनोद भ्रंग, विनीता जैन, वेद प्रकाश पोपली, राजीव उपाध्याय और इशाक अली सुंदर सहित कई वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने ‘आज का उजाला’ को समकालीन समाज की संवेदनाओं को उजागर करने वाला एक महत्वपूर्ण कहानी संग्रह बताया। सारंग संस्था ने रमेश चंद्र छबीला, विजय कुमार और पंकज शर्मा को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अनिल तलुजा, महेश रजरवाल, विनोद खुराना, नीना शर्मा, प्रीति बख्शी, उर्वशी दत्ता सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी उपस्थित थे।