सहारनपुर में सांसद बर्क के बयान पर विरोध:वंदे मातरम विरोध को संविधान, स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान बताया

सहारनपुर में हिंदू जागरण मंच महानगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने सांसद जियाउर रहमान बर्क के हालिया बयान का कड़ा विरोध किया। सांसद बर्क ने हाल ही में ‘वंदे मातरम’ के गायन का विरोध किया था। मंच ने इस विरोध को भारतीय संविधान और उन स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान बताया, जिन्होंने ‘वंदे मातरम’ गाते हुए देश की आजादी के लिए बलिदान दिया। इस अवसर पर पश्चिम प्रांत अध्यक्ष ठाकुर सूर्यकांत सिंह ने कहा कि ऐसे ‘राष्ट्र विरोधी तत्वों’ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने सांसद जियाउर रहमान की संसद सदस्यता समाप्त करने और उनके विरुद्ध कानूनी कदम उठाने की मांग की। महानगर अध्यक्ष रामदीप बंसल ने आरोप लगाया कि सांसद जियाउर रहमान का परिवार ‘सदैव से राष्ट्र विरोधी’ रहा है। उन्होंने कहा कि सांसद के पिता ने भी ‘वंदे मातरम’ का विरोध किया था और वर्तमान में सांसद भी ‘पाकिस्तान समर्थक विचारधारा’ के हैं। बंसल ने कहा कि ऐसे लोगों को देश से बाहर जाना चाहिए। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष मांगेराम त्यागी, धर्मपाल कश्यप, मनोज तिवारी, कुलदीप राणा, रजत गोयल, रवि गोयल, संजय सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के लालकिला पर हुई बम ब्लास्ट की घटना की भी कड़ी निंदा की और घटना की गहन जांच की मांग की।