सहारनपुर में 8 साल की बच्ची की मौत:क्लिनिक पर इलाज के दौरान घटना, डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप

सहारनपुर के बेहट कस्बे में शाकंभरी देवी रोड स्थित एक बाल रोग विशेषज्ञ के क्लिनिक पर इलाज के दौरान आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, बुधवार दोपहर उनकी आठ साल की बेटी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। घबराए परिजन उसे तुरंत बेहट के उक्त क्लिनिक पर लेकर पहुंचे। आरोप है कि डॉक्टर ने बच्ची को भर्ती तो कर लिया, लेकिन क्लिनिक पर इलाज की समुचित सुविधाएं नहीं थीं और न ही आपात स्थिति से निपटने की कोई व्यवस्था थी। परिजनों का कहना है कि इलाज के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई। बच्ची की हालत बिगड़ती चली गई और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। उनका आरोप है कि गंभीर हालत में भी बच्ची को किसी बड़े अस्पताल रेफर नहीं किया गया, जिससे उसकी जान चली गई। मासूम की मौत के बाद क्लिनिक पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने डॉक्टर की लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये को बेटी की मौत का कारण बताया। उनका कहना है कि अगर समय रहते बच्ची को किसी बड़े अस्पताल भेजा जाता, तो उसकी जान बच सकती थी। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतपाल भाटी ने बताया कि अभी तक थाने में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। परिजन बच्ची के शव को लेकर अपने घर चले गए हैं।