सहारनपुर में जमीन विवाद में हुई गोलीबारी के आरोपी श्री राजपूत करणी सेना के उत्तराखंड अध्यक्ष शक्ति सिंह ने फेसबुक लाइव आकर खुद को निर्दोष बताया है। उन्होंने कहा- घटना से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। अगर मैं दोषी निकला तो मुझे बीच चौराहे पर जिंदा जला देना। मैं नार्को टेस्ट के लिए भी तैयार हूं। दरअसल, 8 फरवरी को जमीन के विवाद में 2 पक्षों में करीब 100 राउंड फायरिंग हुई थी। गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने शक्ति सिंह सहित 4 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। अब पढ़िए फेसबुक लाइव में शक्ति सिंह ने क्या कहा? विवाद समाधान के लिए बुलाई गई थी पंचायत
शक्ति सिंह ने कहा- जिस जमीन को लेकर विवाद हुआ, उस पर पिछले करीब 3 सालों से कोर्ट का स्टे है। समाधान के लिए पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में दोनों पक्षों के अलावा बाहरी जिलों से भी लोग पहुंचे थे। मुझे भी इस पंचायत में बुलाया गया था। पंचायत में मैंने शांतिपूर्ण तरीके से मामले का समाधान कराने का प्रयास किया। मैं जबतक वहां था, किसी तरफ से फायरिंग नहीं की गई। कुछ लोगों ने हिस्ट्रीशीटर्स को भी बुला लिया था उन्होंने कहा- पंचायत में शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ और हरियाणा से भी कई लोग आए थे। रविंदर राणा, योगेंद्र चौधरी और पंकज शर्मा ने बाहरी लोगों और हिस्ट्रीशीटरों को बुलाया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद मैं वहां से निकल लिया। मैं अभी 100-150 मीटर की दूरी तक पहुंचा था कि करीब 100 राउंड फायरिंग की गई। इसी फायरिंग में एक युवक को गोली लगी और उसकी मौत हो गई। जिस युवक की जान गई वह मेरे छोटे भाई समान है। इस घटना से मैं स्वयं बहुत दु:खी हूं। सबकी कॉल डिटेल पुलिस निकाले शक्ति सिंह ने कहा- घटना से जुड़े सभी लोगों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकाली जाए। शिवालिक क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच हो। यदि मैं एक प्रतिशत भी दोषी पाया जाता हूं तो किसी भी प्रकार की जांच ( यहां तक कि नार्को टेस्ट) के लिए भी तैयार हूं। अब पढ़िए क्या था मामला?
8 फरवरी को सहारनपुर के गणेशपुर गांव के पास स्थित शिवालिक फार्म हाउस में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में दोनों पक्षों से करीब 30-40 लोग पहुंचे थे। पंचायत के दौरान रुपए के लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई। कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसके बाद दोनों पक्षों में फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग के दौरान एक गोली 22 वर्षीय शिवम राणा को लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गोली लगने से दो और लोग घायल हो गए। करीब 100 राउंड गोलियां चलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। अब जिस जमीन का विवाद, उसके बारे में…
प्रॉपर्टी कारोबारी पंकज शर्मा ने बताया- मैंने साल 2017-18 में बिहारीगढ़ में 87 लाख रुपए में जमीन खरीदी थी। वहां महादेवपुरम कॉलोनी विकसित की। साल 2019 में देहरादून निवासी सुनील वर्मा, ट्रांसपोर्ट नगर निवासी शक्ति सिंह और सुंदरपुर निवासी अजय सिंह इस प्रोजेक्ट में पार्टनर बने। जमीन में सबसे अधिक 38 लाख रुपए का निवेश उन्हीं लोगों ने किया था, लेकिन प्लॉट बिकने के बाद मुनाफा नहीं मिला। इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बैठक के दौरान सुनील वर्मा, अजय सिंह और शक्ति सिंह पर पिस्टल से फायरिंग करने का आरोप है। इस संबंध में इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ——— ये भी पढ़ें- ‘दामाद प्यार करता तो सास क्यों छोड़ देती’:अलीगढ़ में जीजा ने पूछा- बिहार ले जाकर शादी क्यों नहीं की, वो झूठा
मुझे दामाद के साथ भागने का पछतावा है। मैं बच्चों को छोड़कर गई थी। अब अकेले रहना चाहती हूं, मेहनत-मजदूरी करके पेट पाल लूंगी।’ ये कहना है बेटी की शादी से पहले दामाद के साथ भागने वाली सास सपना देवी का। 10 महीने बाद वह अलीगढ़ के दादो थाने पहुंच गईं। रिश्तों के तानेबाने में उलझी सपना देवी पर दामाद राहुल ने आरोप लगाया कि वो मुझे छोड़कर अब अपने जीजा देवेंद्र के साथ रहना चाहती है। पढ़िए पूरी खबर…