साइबर ठगों के अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़:एक करोड़ कीमत के 11,605 पुराने मोबाइल फोन बरामद, डीजीपी ने दिया एक लाख का इनाम

मिर्जापुर पुलिस ने साइबर ठगों के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में पुलिस की संयुक्त टीम ने टाटा डीसीएम ट्रक में छिपाकर ले जाए जा रहे 11,605 पुराने मोबाइल फोन, 8 मोटरसाइकिल और 48,800 रुपये बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में 8 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जो मुख्य रूप से बिहार कटिहार और पूर्णिया जिले के निवासी हैं। मोबाइल फोन और मोटर साइकिल की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस खुलासे के लिए डीजीपी राजीव कृष्ण ने पूरी टीम को एक लाख रुपये देने की घोषणा की है। मिर्जापुर पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है उसमें मोहम्मद अनारूल, मोहम्मद दिल फराज, सीताबुल, हसीबुर रहमान, सबिर आलम, मोहम्मद अहमद, मोहम्मद हसन, मोहम्मद सफीक शामिल है। ये सभी बिहार के रहने वाले हैं। इनके पास से बड़ी संख्या में एंड्रायड मोबाइल, 8 मोटर साइकिल और एक डीसीएम बरामद की गई है। कैसे चलता था ठगी का खेल? आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग राज्यों में मोटरसाइकिल पर घूमकर बर्तनों के बदले पुराने मोबाइल फोन और प्लास्टिक सामान इकट्ठा करते थे। कई बार चोरी भी करते थे। बाद में इन फोनों को रिपेयर करके उनके पार्ट्स बिहार और कोलकाता स्थित साइबर गिरोहों को बेच देते थे। इन मोबाइल में मौजूद बहुमूल्य डेटा जैसे मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक अकाउंट डिटेल्स और पते का इस्तेमाल ठगी, उधार फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों में किया जाता था। एक आरोपी के बैंक खाते की जांच में सामने आया कि पिछले 2 साल में उसमें 45 लाख रुपये से ज्यादा का लेन-देन हुआ, जबकि वह खुद को साधारण मजदूर बताता था।