साकेत नगर क्षेत्र में रविवार को स्कूटी और कार की टक्कर में मां और दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में छह वर्षीय तन्नू की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को पकड़ लिया है और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्कूटी से जा रही थी घर
जानकारी के अनुसार बाबूपुरवा निवासी अजय पांडेय की पत्नी सोनी पांडेय अपनी बेटियों 18 वर्षीय श्रेया पांडेय और 6 वर्षीय तन्नू पांडेय के साथ बहन के घर साकेत नगर गई थीं। लौटते समय तीनों स्कूटी पर सवार थीं। स्कूटी सोनी चला रही थीं, आगे फुटरेस्ट पर तन्नू खड़ी थी और पीछे श्रेया बैठी थी। साकेत नगर के पास अचानक सामने से आई कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी।टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। वहीं, स्कूटी भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को कराया भर्ती
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छह वर्षीय तन्नू की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती कर लिया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं। मां सोनी और बड़ी बेटी श्रेया को भी चोटें आई हैं, जिनका इलाज चल रहा है। पुलिस को दी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर साकेत नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है और वाहन जब्त कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे के सही कारणों की पुष्टि की जा सके। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। परिवार में पिता अजय पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल है। वे बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। किदवई नगर पुलिस का कहना है कि तहरीर अभी नहीं मिली हैं, यदि तहरीर मिलती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।