बागपत में सारथी वेलफेयर फाउंडेशन की 37वीं ‘सारथी की रसोई’ का रविवार को शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. तीर्थ लाल और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (डिप्टी सीएमओ) डॉ. यशवीर सिंह ने संयुक्त रूप से किया। सीएमओ डॉ. तीर्थ लाल ने इस अवसर पर सारथी वेलफेयर फाउंडेशन के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भूखों को भोजन कराना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और समाज में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे, यह सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। डॉ. लाल ने संस्था को जरूरतमंदों की सेवा में निरंतर कार्यरत रहने के लिए प्रेरणास्रोत बताया और प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह ने भी संस्था के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी रसोई गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों के लिए संजीवनी का काम करती हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाती हैं। ‘सारथी की रसोई’ के संचालन में डॉ. आशुतोष राणा, मोनिका और ऋतु जैन का योगदान रहा है। चाइल्ड हेल्पलाइन प्रोजेक्ट की कोऑर्डिनेटर वंदना गुप्ता ने भी जरूरतमंदों को स्वयं भोजन परोसा। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष विकास गुप्ता सहित अनेक समाजसेवी, स्वयंसेवक और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने संस्था के इस कार्य को सफल बनाने में सहयोग दिया।