बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र के सिसाना गांव में देर शाम एक सड़क हादसा हुआ। यहां कृष्णपाल के मकान के पास खड़ी डीजे बोलेरो को बड़ौत की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के पास खड़ी एक अन्य कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान साइकिल से गुजर रहा 13 वर्षीय बालक कानी, पुत्र लोकेश, निवासी सिसाना, भी हादसे की चपेट में आ गया। दुर्घटना में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में चोटें आईं, नाक से खून बहने लगा, साथ ही पैर, चेहरे और कमर पर भी खरोंच के निशान मिले। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बागपत पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल बागपत भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद बालक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज, मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस अज्ञात ट्रक की तलाश कर रही है और मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।