सीएम योगी, भाजपा अध्यक्ष के मथुरा आगमन पर प्रशासन अलर्ट:रात में चल रजे सड़क-नाला मरम्मत कार्य, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संभावित मथुरा आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। दोनों नेताओं के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और अन्य विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मांट विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश चौधरी की माताजी के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करने उनके आवास पहुंचेंगे। इसे ध्यान में रखते हुए विधायक के आवास तक जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों को दुरुस्त कराया जा रहा है। रात के समय ही सड़क मरम्मत, नालों की सफाई और अन्य आवश्यक निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए गए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मथुरा की सीओ आईपीएस आशना चौधरी ने कोतवाली पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से बीएसए रोड सहित उन सभी मार्गों का जायजा लिया, जहां से मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला गुजर सकता है। निरीक्षण के दौरान बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, फोर्स की तैनाती और पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। सीओ आशना चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। कितनी फोर्स तैनात की जाएगी, कहां बैरिकेड्स लगाए जाएंगे और किन बिंदुओं पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी, इसका पूरा खाका तैयार किया जा रहा है। वहीं, स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि तिलकवीर चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर सुबह से ही जिला प्रशासन सक्रिय है। पुलिस द्वारा लगातार गश्त की जा रही है और रातभर निर्माण व सफाई कार्य कराए गए हैं। सभी विभाग व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं।