सीतापुर में कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने देर रात सीतापुर नगर क्षेत्र में संचालित रैन बसेरों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां मौजूद व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और रैन बसेरों में ठहरे जरूरतमंद लोगों से सीधे संवाद कर सुविधाओं के बारे में फीडबैक भी प्राप्त किया। जिलाधिकारी ने रैन बसेरों में रखे गए रजिस्टरों का अवलोकन किया और पूर्व में ठहरे व्यक्तियों के विवरण की भी जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि रैन बसेरों में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नियमानुसार पूरा विवरण दर्ज किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति रात में खुले में भटकने के लिए मजबूर न हो। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सीतापुर को स्पष्ट निर्देश दिए कि रैन बसेरों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। उन्होंने पेयजल, गर्म कंबल, अलाव तथा ठंड से बचाव के अन्य इंतजामों को समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। डॉ. राजागणपति आर ने कहा कि रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि रैन बसेरों में पर्याप्त प्रकाश, सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छ शौचालय की सुविधा सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर डॉ. अतुल सेन सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सीतापुर वैभव त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शीतलहर के दौरान रैन बसेरों का नियमित निरीक्षण किया जाए और जरूरतमंदों को हर संभव राहत प्रदान की जाए। जिलाधिकारी के इस औचक निरीक्षण से प्रशासनिक अमले में हलचल रही और रैन बसेरों में ठहरे लोगों ने व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद जताई।