सीतापुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर:ल्यूमिनस कंपनी के कर्मचारी की मौत, ट्रैक्टर चालक मौके से फरार

सीतापुर के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गनेशपुर नेवादा में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। मृतक की पहचान गुफरान पुत्र अशरफ अली (26 वर्ष) निवासी ग्राम गंगादीन पुरवा के रूप में हुई है। गुफरान लखीमपुर स्थित लुमिनस कंपनी में कार्यरत था और शनिवार को ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने गांव लौट रहा था। बताया गया कि वह हेलमेट लगाए हुए था और सामान्य गति से बाइक चला रहा था। जब वह ग्राम गनेशपुर नेवादा स्थित पुलिया के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गुफरान बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की सहायता से घायल गुफरान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लहरपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और अस्पताल में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में अपराध निरीक्षक साबिर अली ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर चालक घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। वहीं, दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।